बड़गाम में लश्कर आतंकी गिरफ्तार

श्रीनगर – केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के बड़गाम जिला में पुलिस ने शनिवार को आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तोएबा के एक सक्रिय आतंकवादी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को यहां बताया कि गिरफ्तार आतंकवादी की पहचान अब्दुल हमीद नाथ, बड़गाम निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि नाथ को खुफिया अभियान के तहत एक विशेष जानकारी मिलने के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि बड़गाम के पोशकर इलाके में आतंकवादी गतिविधियों की खुफिया जानकारी मिलने के बाद पुलिस, राष्ट्रीय रायफल और केंद्रीय रिजर्व बल ने क्षेत्र में एक संयुक्त घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया।

 तलाशी अभियान के दौरान टीम ने प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तोएबा के एक सक्रिय आतंकवादी को गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा कि उसके पास से एक पिस्तौल और एक मैगजीन, पांच पिस्टल राउंड और एक चीनी ग्रेनेड समेत आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह आतंकवादी गतिविधियों में फरवरी 2021 से सक्रिय था। उसके खिलाफ मामला दर्ज जांच शुरू कर दी गई है।