पांच हजार मीटर दौड़ में रूमना-आयूब सबसे आगे

पुलिस मैदान बारगाह में युवाओं ने दिखाया दमखम, अव्वल धावक राज्यस्तरीय स्पर्धा में खेलेंगे

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- चंबा
जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की ओर से शनिवार को पुलिस मैदान बारगाह में जिला स्तरीय लंबी व मध्यम दूरी की दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह दौड़ प्रतियोगिता लडके व लड़की दोनों वर्गो के लिए आयोजित की गई। दौड प्रतियोगिता में पहले तीन स्थान पाने वाले प्रतिभागियों को मेडल पहनाकर और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विजेताओं को पुरस्कृत करने की रस्म जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी चंबा प्रदीप धीमान ने की। लड़की वर्ग की पांच हजार मीटर दौड़ में रूमना ने पहला और लता देवी ने दूसरा स्थान हासिल किया। लडकों की पांच हजार मीटर दौड मुकाबले में मोहम्मद आयूब पहले, हसनदीन दूसरे और मनीश कुमार तीसरे स्थान पर रहे। लडकियों की तीन हजार मीटर दौड में तनिष्का प्रथम, अंजुम शर्मा द्वितीय और मनीषा तृतीय रही।

लडकों की तीन हजार मीटर दौड में जतिन ने पहला, ललित ने दूसरा और अक्षित ने तीसरा स्थान पाया। जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी प्रदीप धीमान ने बताया कि लडके व लड़की दोनों वर्गों के पहले तीन विजेताओं को क्रमश छह हजार, पांच हजार और चार हजार रुपए का नगद पुरस्कार प्रदान किया है। उन्होंने बताया कि लडके व लड़की वर्गो में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी अब हमीरपुर में आयोजित होने वाली राज्यस्तरीय दौड़ प्रतियोगिता में चंबा जिला का प्रतिनिधित्व करेगें। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन में खेल स्वयंसेवी देवेंद्र कुमार, धर्म सिंह, शारीरिक शिक्षक कमल सिंह व प्रशांत के अलावा स्वयंसेवी रजनी देवी, राहुल, अखिलेश कूमारी व सिमरन ने अहम योगदान दिया। इस जिलास्तरीय प्रतियोगिता में करीब 550 लड़के व लड़कियों ने हिस्सा लेकर दमखम दिखाया। अब स्टेट में परीक्षा होगी।