Covid-19 देश में कोरोना के सक्रिय मामले 20 लाख से पार; संक्रमण के 3,47,254 नए मामले, 703 मौतें

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
देश में पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण के नए मामलों की तुलना में ठीक होने वाले लोगों की संख्या कम रहने से सक्रिय मामलों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। वर्तमान में देश में सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 20.18 लाख के पार पहुंच गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार की सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में देश भर में संक्रमण के 3,47,254 नए मामले दर्ज किए गए और दैनिक संक्रमण दर 17.94 फीसदी रही। सक्रिय मामलों में 94774 की बढ़ोतरी से इनकी संख्या 20 लाख 18 हजार 825 हो गई है।

पिछले 24 घंटों में 703 और मरीजों की मौत हो गई। इसी अवधि में दो लाख 51 हजार 777 मरीज स्वस्थ हुए। देश में रिकवरी दर घटकर 93.50 प्रतिशत पर आ गई है। वहीं मृत्यु दर अभी 1.27 फीसदी है। वहीं सक्रिय मामलों की दर 5.23 प्रतिशत है। पिछले दिन के मुकाबले नए संक्रमितों में 29,722 की बढ़ोतरी देखने को मिली है। इससे एक दिन पहले बुधवार को 3.17 लाख लोग संक्रमित मिले थे और 491 लोगों की मौत हुई थी। देश में पिछले चार दिनों से रोजाना होने वाली मौतों की संख्या लगातार बढ़ रही है। 17 जनवरी को देश में 310 मौतें हुई थीं। वहीं, चार दिन बाद गुरुवार को यह संख्या दो गुने से भी अधिक (703) हो गई। ये मौतें तीसरी लहर में सबसे ज्यादा हैं।