लद्दाख में गिरी सेना की बस, सात जवान शहीद

एजेंसियां — लद्दाख

लद्दाख के तुरतुक सेक्टर में शुक्रवार को सेना की एक बस सड़क से फिसलकर श्योक नदी में जा गिरी, जिससे उसमें सवार सात जवानों की मौत हो गई, जबकि अन्य 19 को गंभीर चोटें आई हैं। बस में 26 जवान सवार थे। जवानों का यह दल परतापुर के ट्रांजिट कैंप से सब सेक्टर हनीफ  के अग्रिम मोर्चे की ओर बढ़ रहा था। भारतीय सेना के सूत्रों ने बताया कि सड़क हादसे में घायलों को सर्वोत्तम उपचार सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं।

 गंभीर रूप से घायलों को पश्चिमी कमान ट्रांसफर किया गया है। इसमें वायुसेना की मदद ली गई। यह सड़क हादसा थोइस से लगभग 25 किलोमीटर दूर हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को 26 जवानों का एक दल परतापुर के ट्रांजिट कैंप से सब सेक्टर हनीफ  कीफारवर्ड लोकेशन की ओर बढ़ रहा था। सुबह लगभग नौ बजे वाहन सड़क से फिसलकर करीब 60 फुट नीचे श्योक नदी में गिर गया। इसके चलते वाहन में सवार सभी जवानों को गंभीर चोटें आईं। इनमें से सात जवानों ने दम तोड़ दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला, राहुल व प्रियंका गांधी ने इस दुर्घटना पर शोक जाहिर किया है।