IPL 2022 : सुपरकिंग्स सुपरफ्लॉप, मुंबई इंडियंस ने चेन्नई को पांच विकेट से हराया

एजेंसियां — मुंबई

आईपीएल-2022 के 59वें मुकाबले में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को पांच विकेट से हरा दिया। चेन्नई सुपर किंग्स पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 ओवर में सभी विकेट खोकर 97 रन ही बना सकी है। इसके जवाब में मुंबई इंडियंस ने 14.5 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इससे पहले चेन्नई के लिए कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने सर्वाधिक 36 रन बनाए। मुंबई इंडियंस की ओर से सैम्स ने तीन, मेडरिथ और कार्तिकेय को 2-2 विकेट मिले। चेन्नई के बल्लेबाज डेवोन कॉनवे और मोइन अली बिना खाता खोले आउट हुए।

उथप्पा ने एक, ऋतुराज ने सात और रायुडू 10 रन बनाकर आउट हुए। शिवम दुबे भी 10 रन बनाकर चलते बने। ड्वेन ब्रावो ने 12 रन और सिमरजीत दो रन बनाकर पैवेलियन लौटे। चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के पास आईपीएल प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए मुंबई इंडियंस के खिलाफ इस मैच में आखिरी मौका था, लेकिन वह इसे भुना नहीं पाए। वहीं, चेन्नई के अब 12 मैचों में चार जीत के साथ आठ ही अंक हैं और वह तालिका में मुंबई से एक स्थान ऊपर नौवें स्थान पर है।