Manish Sisodia : आप नेता का आरोप, हिमाचल में भाजपा सरकार ने किया शिक्षा का बेड़ा गर्क

शिमला में शिक्षा व्यवस्था पर चर्चा में आप नेता मनीष सिसोदिया का आरोप

स्टाफ  रिपोर्टर — शिमला

हिमाचल प्रदेश में भाजपा सरकार ने शिक्षा का बेड़ा गर्क किया है। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने आरोप लगाया कि जयराम सरकार ने पांच सालों के दौरान प्रदेश में शिक्षा को बर्बाद किया है। यही वजह है कि 2015 में सरकारी स्कूलों में 10 लाख बच्चे पढ़ते थे। अब इनकी संख्या आठ लाख रह गई है। दूसरी तरफ  दिल्ली है, जहां बड़े-बड़े प्राइवेट स्कूलों से बच्चे सरकारी स्कूलों में आ रहे हैं। हिमाचल में शिक्षा व्यवस्था पर चर्चा करने के लिए दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया मंगलवार को शिमला पहुंचे थे। जनता संवाद कार्यक्रम के तहत सभागार में उपस्थित लोगों ने प्रदेश और दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल किए। इस मौके पर सिसोदिया ने कहा कि साल 2012 में इसी उद्देश्य से हम राजनीति में आए थे कि देश में शिक्षा का स्तर किस तरह ऊंचा होगा। और हम अब इस मकसद में सफल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस राज्य में चुनाव होने वाले हैं और इनमें शिक्षा बड़ा मुद्दा बनने वाला है। उन्होंने जयराम सरकार के एक मंत्री पर तीखा हमला करते हुए कहा कि कुछ दिन पहले मंत्री के बेटे की शादी थी। मंत्री बनने से पहले तक वह भाजपा नेता दो कमरों के मकान में रहता था, लेकिन मंत्री बनने के बाद जब बेटे की शादी होती है, तो 10 बड़ी-बड़ी रिसेप्शन पार्टियां दिल्ली से लेकर शिमला तक में दी जाती हैं।

 मनीष सिसोदिया ने सवाल किया कि मंत्री के पास इतना पैसा कहां से आया। सिसोदिया ने कहा कि हिमाचल की जनता ने कांग्रेस और भाजपा को इतने साल दे दिए। इस बार पांच साल आप को देकर देखें। प्रदेश के स्कूलों की तस्वीर बदल जाएगी। भाजपा ने न केवल हिमाचल, बल्कि पूरे देश में शिक्षा का बेड़ा गर्क कर रखा है। दिल्ली में अरविंद केजरीवाल को सरकार चलाने के लिए पांच साल मिले। इन पांच सालों में ही दिल्ली की शिक्षा को बेहतर किया गया है। दिल्ली देश का एकमात्र ऐसा राज्य है, जो अपने बजट का 25 फीसदी हिस्सा शिक्षा पर खर्च कर रहा है। दिल्ली में कभी भी शिक्षा के लिए बजट की कमी नहीं पड़ी है। दिल्ली सरकार ने दुनिया के विकसित देशों के शिक्षण संस्थानों में अपने प्रिंसिपल्स को भेजकर ट्रेनिंग दिलवाई। इससे दिल्ली के स्कूलों का वातावरण बदला और आज दिल्ली के स्कूल निजी स्कूलों को टक्कर दे रहे हैं। इससे पहले संवाद कार्यक्त्रम में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से आए शिक्षाविद्धों और अभिभावकों ने शिक्षा से जुड़े कई सवाल मनीष सिसोदिया से किए।

शिक्षा पर वोट देंगे हिमाचली

मनीष सिसोदिया ने कहा कि हिमाचल के 2000 स्कूलों में एक-एक टीचर है। 6000 स्कूल ऐसे हैं, जहां केवल दो ही टीचर हैं। कई स्कूल ऐसे हैं, जहां एक शिक्षक पांच-पांच कक्षाओं को पढ़ा रहे हैं। 8000 करोड़ का बजट है, लेकिन प्राइवेट स्कूल बढ़ रहे हैं और सरकारी स्कूल कम हो रहे हैं। उधर, हिमाचल के मुख्यमंत्री प्राइवेट कालेज का इश्तिहार देते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार हिमाचल की जनता ने शिक्षा के नाम पर वोट देने की कसम खा ली है। एक बार आप को भी पांच साल देकर देख लें।