अब बाजीगर बस्ती में खालिस्तान जिंदाबाद, पंजाब के फरीदकोट में लिखे नारों से दहशत का माहौल

 पुलिस ने बढ़ाई शहर की सुरक्षा व्यवस्था

चंडीगढ़, 13 मई(ब्यूरो)
पंजाब के फरीदकोट में बाजीगर बस्ती के पास खालिस्तान जिंदाबाद के नारे लिखे मिलने से इलाके में दहशत का माहौल पैदा हो गया। नगर के सफाई कर्मचारी कर्ण कुमार ने इस बारे में पुलिस को सूचना दी है। इसका पता चलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तुरंत पेंट कराकर नारे मिटा दिए। इसके बाद पुलिस ने पूरे शहर की सुरक्षा बढ़ा दी है। पूरे इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस नारे लिखने वालों का पता लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान भी चला रही है। फरीदकोट की एसएसपी अवनीत कौर सिद्धू ने कहा कि इसका पता चलते ही पुलिस टीम बना दी गई है। इलाके की सीसीटीवी फुटेज चेक की जा रही है और केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस टीमों को भी अलर्ट पर रख दिया गया है। पुलिस टीमें इलाके में रेड कर रही हैं। मामले में भी मशहूर कवि कुमार विश्वास की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने फरीदकोट में खालिस्तानी नारों की खबर के साथ लिखा देश मेरी चेतावनी याद रखे। विश्वास खालिस्तान से जुड़ी खबरों पर लगातार इस तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं। इसमें वह किसी का नाम नहीं ले रहे, लेकिन चुनाव से पहले उन्होंने अलगाववादियों और आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को लेकर कई तरह के आरोप लगाए थे। इससे पहले रोपड़ मिनी सेके्रट्रेरिएट के बाहर खालिस्तानी बैनर लगाया जा चुका है। पुलिस ने इस मामले में कहा कि इसके तार भी हिमाचल प्रदेश के आरोपी से जुड़े हैं। पुलिस का दावा है कि हिमाचल विधानसभा में बैनर लगाने वाले हरबीर सिंह राजू और उसके फरार साथी परमजीत सिंह ने ही रोपड़ में यह बैनर लगाए थे। इससे पहले पटियाला में खालिस्तान विरोधी मार्च को लेकर हिंसा हो चुकी है। जहां शिवसेना वाले खालिस्तान मुर्दाबाद मार्च निकाल रहे थे। इसका पता चलने पर बरजिंदर परवाना की अगुवाई में सिख कट्टरपंथियों ने इसका विरोध किया। जिसको लेकर दोनों पक्षों में पथराव और तलवारबाजी हुई। हालात संभालने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी।

खालिस्तानी झंडे फहरा रहे शातिर गिरफ्तार

रूपनगर। एसएसपी रूपनगर डॉ. संदीप कुमार गर्ग ने कहा कि रूपनगर पुलिस और हिमाचल पुलिस की टीमों ने संयुक्त अभियान में जिला प्रशासनिक परिसर और विधानसभा धर्मशाल, हिमाचल प्रदेश में खालिस्तानी झंडे फहरा रहे शरारती बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि 12 से 13 अप्रैल, 2022 के बीच अज्ञात शरारती तत्त्वों द्वारा जिला प्रशासनिक परिसर की बाहरी दीवार की ग्रिल पर खालिस्तान का पोस्टर लगा दिया गया था। 153 ए 120. आईपीसी अवैध गतिविधियों के तहत धारा 13,16,18 दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए रूपनगर से अलग-अलग टीमें बनाई गईं। तकनीकी सर्विलांस के जरिए विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही थी। इस बीच 7 मई, 2022 को विधानसभा धर्मशाला हिमाचल प्रदेश के बाहर खालिस्तान के पोस्टर भी लगाए गए थे। अज्ञात बदमाशों के खिलाफ थाना धर्मशाला हिमाचल प्रदेश में मामला संख्या 77 दिनांक 08 अप्रैल 2022 के तहत मामला दर्ज किया गया था।