पांगी के लिए रोप-वे नहीं, सुरंग चाहिए

बैठक में पांगी घाटी के लोगों की मांगों-समस्याओं पर की चर्चा
दिव्य हिमाचल ब्यूरो- चंबा
पांगी कल्याण संघ चंबा की बैठक शुक्रवार को मुख्यालय में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता संघ के प्रधान भगत बड़ोत्रा ने की। बैठक में पांगी घाटी के लोगों की विभिन्न मांगों व समस्याओं पर विस्तार से चर्चा के साथ ही आगामी रणनीति तय की गई। बैठक के दौरान वक्ताओं ने पांगी के लिए रोप- वे की सौगात को नामंजूर कर दिया है। उन्होंने पांगी को बारह महीने शेष विश्व से जोड़े रखने के लिए चैहणी सुरंग निर्माण की मांग को दोहराया है। पांगी कल्याण संघ के प्रधान भगत बड़ोत्रा ने कहा कि जनजातीय क्षेत्र पांगी के लिए हाल ही में केंद्र सरकार की ओर से रोप वे स्वीकृत किया गया है। इस कार्य पर करीब 1680 करोड़ व्यय किए जाएंगे। मगर पांगी घाटी की जनता को इस रोप वे का कोई भी लाभ नहीं होने वाला है। उन्होंने तर्क दिया कि पांगी घाटी के लोग हवाई मार्ग के अतिरिक्त भू स्थल से यात्रा करना सुरक्षित व आरामदायक अनुभव करते हैं।

मगर रोप वे के माध्यम से सफर करने पर घाटी के अपना निजी सामान ले जाने में असमर्थ होंगे। उन्होंने कहा कि बीते 5 दशकों से घाटी की जनता चैहणी सुरंग निर्माण को लेकर आवाज बुलंद कर रही है, लेकिन अब तक उन्हें हर तरफ से मात्र आश्वासन ही मिले हैं। उन्होंने कहा कि सुरंग न होने के कारण सर्दियों मे लोग कई माह तक घरों में ही कैद रहते हैं। इस कारण पांगी के लोगों को हर वर्ष काफी समस्याओं से जूझना पड़ता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश से लेकर केंद्र सरकार तक यह मांग कई बार उठाई जा चुकी है, लेकिन सरकार पांगी की जनता को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि पांगी घाटी की जनता को रोप वे नामंजूर है। रोप वे की जगह जल्द से जल्द चैहणी सुरंग का निर्माण किया जाए। बैठक में पांगी कल्याण संघ के महासचिव बीआर भारद्धाज, पूर्व प्रधान पीएल ठाकुर, लेखराज ठाकुर व भीमसेन आदि मौजूद रहे।