जलशक्ति विभाग में भरे जाएंगे चार हजार पद, पैरा वर्कर्ज की भर्ती के लिए तैयारी कर रहा विभाग

पैरा वर्कर्ज की भर्ती के लिए तैयारी कर रहा विभाग, औपचारिकताएं पूरी होने पर कैबिनेट में भेजी जाएगी फाइल

विशेष संवाददाता— शिमला
जलशक्ति विभाग में बंपर भर्तियां होने जा रही हैं। कैबिनेट में मंजूरी के बाद इस प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा। विभाग पैरा वर्कर्ज के चार हजार पद भरेगा। यह प्रदेश की दूसरी सबसे बड़ी भर्ती होगी। इससे पहले लोक निर्माण विभाग में पांच हजार पदों को भरा जा रहा है। जलशक्ति विभाग भर्ती के संबंध में तमाम औपचारिकताएं पूरी कर रहा है। इसके बाद फाइल को कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। भर्ती का प्रारूप और तारीख मंत्रिमंडल तय करेगा।

प्रदेश भर में भर्तियों को जिलों में बांटा जाना है और किस जिला को कितने कर्मचारी मिलेंगे, यह भी कैबिनेट ही तय करेगी। जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने इस बंपर भर्ती का खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि जलशक्ति विभाग ने प्रदेश भर में पेयजल साधनों को विकसित करने पर जोर दिया है। हाल ही में जलजीवन मिशन के तहत नए कनेक्शन लगाए गए हैं। अब इन कनेक्शनों की देखभाल करने के लिए कर्मचारियों की जरूरत महसूस हो रही है। इस जरूरत को पूरा करने के लिए ही चार हजार पैरा वर्कर भर्ती का प्लान तैयार किया गया है। इनकी भर्ती के बाद पेयजल को लेकर पेश आ रही मुश्किलें पूरी तरह से दूर हो जाएंगी।

उन्होंने बताया कि भर्ती से पहले इस मामले को कैबिनेट में लाना आवश्यक है। कैबिनेट की मंजूरी के बाद ही भर्ती प्रक्रिया शुरू हो पाएगी। उन्होंने कहा कि बर्फबारी के दौरान पाइपें जाम न हों, इसके लिए भी जलशक्ति विभाग पायलट आधार पर एक प्रोजेक्ट शुरू कर रहा है। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री इस प्रोजेक्ट का हिमाचल में उद्घाटन करेंगे। पायलट आधार पर यह प्रोजेक्ट मंडी जिला में शुरू किया गया है। इसकी कामयाबी के बाद इसे दूसरे जिलों में भी लांच किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से करोड़ों रुपए की फंडिंग जलजीवन मिशन में हो रही है और इसके तहत पूरे प्रदेश में पेयजल कनेक्शन दिए गए हैं। प्रदेश सरकार आने वाले दिनों में हिमाचल में पेयजल किल्लत को पूरी तरह से खत्म कर देगी।