किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए किया प्रेरित

ग्राम पंचायत बंदला व फागड़ी के किसानों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर लगाया

निजी संवाददाता, मैहला
भारतीय प्राकृतिक कृषि पद्धति की तकनीक के जरिए खेती करने के उद्देश्य से कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण की ओर से सहयोगी संस्था ग्रीनरी एग्रीबिजनेस प्राइवेट लिमिटेड की ओर से ग्राम पंचायत बंदला व फागड़ी के किसानों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इसमें ग्रीनरी एग्रीबिजनेस प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अनिल शर्मा ने प्राकृतिक खेती करने के लिए किसानों का आह्वान किया। भविष्य में होने वाले अनेकों लाभ बताए। राकेश शर्मा और भूप सिंह ने भी किसानों का मार्गदर्शन किया। परियोजना आत्मा के उपनिदेशक ओम प्रकाश हीर ने भी प्राकृतिक खेती के लाभ और बारीकियों पर विस्तार से चर्चा की। आत्मा परियोजना से ही ऊषा ठाकुर व शुभम राठौर ने भी किसानों को संबोधित करते हुए बीजामृत, जीवामृत व घन जीवामृत बनाने और इनका सही प्रयोग करने की विधि बताई। शिविर में हिम गिरि कल्याण आश्रम हिमाचल प्रांत के अध्यक्ष लच्छिया राम ठाकुर ने विशेष तौर से उपस्थिति दर्ज करवाते हुए किसानों के साथ प्राकृतिक खेती से खुद व ग्रामीण क्षेत्र को देश के नक्शे पर लाने बारे चर्चा की। इस प्रशिक्षण शिविर में बंदला और फागड़ी पंचायत के करीब सौ किसानों ने हिस्सा लिया।