आप के बड़े कार्यक्रम में सिर्फ ‘छोटे’ लोग पहुंचे, सम्मेलन में नहीं पहुंचे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल-भगवंत मान

सम्मेलन में नहीं पहुंचे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल-भगवंत मान, पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं में भी नहीं दिखा ज्यादा जोश

दिव्य हिमाचल ब्यूरो – सोलन

सोलन में आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी शपथ ग्रहण समारोह में पार्टी के संयोजक दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के कार्यक्रम में न पहुंचने के कारण कार्यकर्ता मायूस नज़र आए। केजरीवाल व भगवंत मान के आगमन को लेकर सोलन में एक बहुत बड़े पार्टी कार्यक्रम को रखा गया था। इसे मौसम की मार कहें या पदाधिकारियों की अपेक्षाकृत कम संख्या में हाजिरी, आप पार्टी के सोलन के कार्यक्रम में उतना जोश नज़र नहीं आया। हालांकि वर्चुअल माध्यम से उपस्थित पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को पहले पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान व बाद में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने संबोधित किया। भगवंत मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी में आम लोगों के लिए जगह है तथा कोई भी आम नागरिक विधायक, मंत्री व मुख्यमंत्री बन सकता है।

पंजाब में 92 में से 80 विधायक पहली बार में ही निर्वाचित होकर विधानसभा पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि आप में कोई भी बॉस कल्चर नहीं है। उन्होंने कहा कि दिल्ली व पंजाब से चला कारवां अब हिमाचल की जनता की ओर देख रहा है। उन्होंने शहीद भगत सिंह के पदचिन्हों पर चलकर हिमाचल प्रदेश व देश की जनता के लिए अपना सब कुछ न्योछावर करने का आह्वान कार्यकर्ताओं से किया। युवाओं से देश प्रेम करने की अपील करते हुए भगवंत मान ने शहीद भगत सिंह का एक वाकया शायरी के माध्यम से पढक़र सुनाया। उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह कहा करते थे कि ‘इश्क करने का सबको पैदायशी हक है, क्यूं न इस बार वतन की सरज़मीं को महबूब बना लिया जाए’।

फिर फिसली जुबान केजरीवाल बोले, 70 साल पहले हुए आजाद

आम आदमी पार्टी के बड़े नेताओं की जुबां फिसलने का क्रम यहां भी जारी रहा। आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपने संबोधन में कह दिया कि आजादी के 70 वर्षों के उपरांत भी भाजपा व कांग्रेस देश की जनता को मूलभूत सुविधाएं नहीं दे पाए। भगवंत मान ने बीच में टोकने पर केजरीवाल ने 70 वर्ष की बजाय फिर 75 वर्ष कहा। इससे पूर्व पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी हमीरपुर में मिंजर मेले में शिरकत करने की बात कह गए थे। इसको लेकर वह सोशल मीडिया पर खूब ट्रोल हुए थे।