वन विभाग में भर्ती, 300 पदों के लिए मांगी मंजूरी, निगम भी भरेगा 100 से ज्यादा पद

विशेष संवाददाता — शिमला

वन विभाग के विश्राम गृहों में खाली चल रहे करीब 300 पदों पर जल्द भर्ती होगी। इन पदों को भरने के संबंध में वन विभाग ने प्रदेश सरकार की स्वीकृति के लिए फाइल प्रस्तावित की है। सरकार की मंजूरी के बाद वन विभाग में भर्तियां शुरू हो जाएंगी। यह भर्ती प्रक्रिया विधानसभा चुनाव से पहले शुरू होगी। फिलहाल, वन विभाग से प्रस्तावित यह फाइल सचिवालय में वित्त विभाग के पास पहुंच गई है। नई भर्ती के बाद वेतन अदायगी और खर्चों का आकलन करने के बाद वित्त विभाग फाइल पर अपनी मंजूरी देगा और अंत में फाइल मंत्रिमंडल में जाएगी। मंत्रिमंडल की मुहर लगने के बाद वन विभाग में भर्ती प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। वन विभाग ने भर्ती के लिए तैयार की गई इस फाइल में प्रदेश भर में विश्राम गृह में खाली पदों को शामिल किया है। इन पदों में वनरक्षकों के अलावा अन्य श्रेणियों को भरने की सिफारिश की है।

कोविड संक्रमण की वजह से पूर्व में दो साल तक भर्ती प्रक्रिया आयोजित नहीं हो पाई थी। अब विधानसभा चुनाव से ठीक पहले इस भर्ती से युवाओं को रोजगार मिल सकता है। इससे पूर्व वन निगम ने भी 125 पदों को भरने की इजाजत प्रदेश सरकार से मांगी है। इस कड़ी में निगम ने सर्विस कमेटी में प्रस्ताव पास करने के बाद इसे बीओडी में भेज दिया है। बीओडी की मंजूरी के बाद इस प्रस्ताव को वित्त विभाग और मंत्रिमंडल में भेजा जाएगा। फिलहाल, वन विभाग में बड़े पैमाने पर आगामी दिनों में यह भर्तियां हो सकती हैं। प्रदेश सरकार की मंजूरी का इंतजार इन भर्तियों के लिए चल रहा है। वन विभाग और निगम ने पदों की संख्या और भर्ती प्रक्रिया को तय कर दिया है। उधर, वन विभाग के प्रधान मुख्य आरण्यपाल अजय श्रीवास्तव ने वन विभाग में भर्तियों की फाइल सचिवालय प्रस्तावित करने की पुष्टि की है।