पंजाब को मिला 500वां आम आदमी क्लीनिक मुख्यमंत्री भगवंत मान ने किया उद्घाटन

दिव्य हिमाचल ब्यूरो—चंडीगढ़
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार हरेक क्षेत्र का व्यापक विकास करके ‘सेहतमंद और रंगला पंजाब’ बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। शुक्रवार को अमृतसर में समागम के दौरान 500वां आम आदमी क्लीनिक लोगों को समर्पित करने के मौके पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री जिनके साथ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी उपस्थित थे, उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इस नेक कार्य के लिए पुख़्ता व्यवस्था करनी शुरू कर दी है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजग़ार के क्षेत्र में बड़े स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं, जिनके जल्द ही सकारात्मक नतीजे सामने आएंगे। भगवंत मान ने कहा कि लोगों को मानक स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करवाने के लिए 100 आम आदमी क्लीनिक 75वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोगों को समर्पित किए गए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्लीनिक लोगों को लगभग 100 क्लिनीकल टेस्टों के साथ 41 हैल्थ पैकेज दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगस्त महीने से राज्य में चल रहे 100 आम आदमी क्लीनिकों से अब तक 10.26 लाख लोगों ने मुफ़्त इलाज करवाया। इसी तरह भगवंत मान ने बताया कि इन क्लीनिकों में 1.24 लाख मरीज़ों के मुफ़्त टैस्ट किए गए।