प्रदेश में 2022 में क्राइम का ग्राफ 19 हजार;  दर्ज हुए 19053 मामले, 2021 से अधिक रहा आंकड़ा

कांगड़ा में सबसे ज्यादा 3348, लाहुल-स्पीति में सबसे कम 215 केस

जयदीप रिहान — पालमपुर
प्रदेश में साल 2022 मे विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किए गए मामलों का ग्राफ 19 हजार से अधिक रहा है। यह आंकड़ा 2020 के मुकाबले कम है, लेकिन 2021 की तुलना में दर्ज मामलों की संख्या अधिक रही है। जानकारी के अनुसार 2020 में प्रदेश में कुल दर्ज मामलों की संख्या 20630 जो कि 2021 में कम होकर 18833 तक पहुंच गई थी, जबकि 2022 में कुल 19053 मामले विभिन्न थानों में दर्ज हुए हैं। 2022 में सबसे अधिक मामले जिला कांगड़ा में दर्ज किए, जिनकी संख्या 3348 रही और प्रदेश के सबसे बड़े जिला में ही दर्ज मामलों का आंकड़ा तीन हजार से पार रहा। बीते साल सबसे कम मामले 215 मामले जिला लाहुल-स्पीति में दर्ज किए गए। 2022 में प्रदेश में हत्या के कुल 86 मामले दर्ज हुए। 2020 में प्रदेश में मर्डर के 91 और 2021 में 85 मामले सामने आए थे। हत्या के प्रयास के मामलों का आंकड़ा 73 जबकि 2020 में 71 और 2021 में 69 मामले दर्ज किए गए थे। 2020 में प्रदेश में दुष्कर्म के 332 मामले हुए थे और 2021 में यह आंकड़ा 359 रहा था जबक 2022 में रेप के 358 मामले दर्ज हुए हैं। महिलाओं से छेड़छाड़ के मामलों का ग्राफ पांच सौ से अधिक रहा और 2022 में कुल 501 मामले दर्ज हुए, जबकि 2020 में 539 और 2021 में 488 केस दर्ज हुए थे। बीते साल चोरी के दर्ज मामलों का आंकड़ा 600 को पार कर गया और 670 मामले सामने आए जबकि 2020 में 347 और 2021 में 475 मामले दर्ज हुए थे। (एचडीएम)

नशे पर कसी नकेल

प्रदेश में नशे के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम 2022 में भी जारी रही और लगातार तीसरे साल एनडीपीएस की धाराओं के तहत दर्ज मामलों का आंकड़ा डेढ़ हजार को पार कर गया। 2020 में प्रदेश में एनडीपीएस की धाराओं में 1538 मामले दर्ज किए थे जबकि 2021 में यह संख्या 1537 और 2022 में 1516 रही।