कर्मचारियों को नोटिस; वन विभाग का ड्यूटी ज्वाइन न करने वालों पर एक्शन, दो दिन का दिया वक्त

विशेष संवाददाता-शिमला

वन विभाग ने ड्यूटी ज्वाइन न करने वाले सात कर्मचारियों को नोटिस जारी किया है। आगामी दो दिन में इन कर्मचारियों ने ड्यूटी ज्वाइन नहीं की तो इन्हें डिमोट कर दिया जाएगा। इनकी पदोन्नति के आदेश वापस ले लिए जाएंगे। वन विभाग ने दस कर्मचारियों की पदोन्नति के आदेश जारी किए थे। इनमें से सात ने नई जगह ड्यूटी ज्वाइन नहीं की है। यह सभी कर्मचारी अधीक्षक ग्रेड एक के हैं और इनकी पदोन्नति और तबादला आदेश 23 जनवरी को जारी किए गए थे। इन आदेशों में दस कर्मचारियों के आर्डर शामिल थे, लेकिन इनमें से अभी तक तीन ने ही ड्यूटी ज्वाइन की है।

जबकि सात कर्मचारी अपनी तय जगह पर नहीं पहुंचे हैं। अब इन कर्मचारियों को आगामी दो दिन में ड्यूटी ज्वाइन करने का नोटिस प्रमुख वन अरण्यपाल वीके तिवारी ने जारी किए हैं, जिन कर्मचारियों ने ड्यूटी ज्वाइन नहीं की है उनमें सुनील देव मंडी, शशि बाला धर्मशाला, राजेंद्र कुमार चंबा, रंजीत सिंह सेराज, सतीश कुमार हमीरपुर, चुन्नी लाल पार्वती और राजीव नागपाल पांवटा साहिब शामिल हैं। आगामी दो दिन में यह कर्मचारी ड्यूटी ज्वाइन नहीं करते हैं तो इन्हें वापस बुला लिया जाएगा और इनकी पदोन्नति के आदेश रद्द कर दिए जाएंगे।