सीएम से मिलेगा परिवहन मजदूर संघ; पालमपुर में फैसला, कंडक्टरों की वेतन विसंगति पर करेंगे चर्चा

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— पालमपुर

हिमाचल परिवहन मजदूर संघ की दो दिवसीय बैठक में निर्णय लिया गया कि परिचालकों की वेतन विसंगतियों को लेकर परिवहन मजदूर संघ मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री से मिलेगा। बैठक में चंबा में हिमाचल पथ परिवहन निगम निगम में लाखों रुपए के भ्रष्टाचार पर विशेष चर्चा हुई तथा सरकार व प्रबंधन द्वारा किए गए सर्जिकल स्ट्राइक के तहत एक कर्मचारी को बर्खास्त किया गया था। परिवहन मजदूर संघ की दो दिवसीय बैठक बस स्टैंड पालमपुर में सोमवार को हुई। बैठक की अध्यक्षता परिवहन मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष प्यार सिंह ठाकुर ने की।

बैठक में मुख्य रूप से भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष मदन राणा, कांगड़ा के जिला अध्यक्ष राजेंद्र भंगालिया व संगठन मंत्री हिमाचल परिवहन मजदूर संघ प्रवीण शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में परिचालक की वेतन विसंगतियों पर विस्तृत चर्चा हुई। 21 मई, 2023 को आउटसोर्स कर्मचारियों का अधिवेशन भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले पालमपुर में होना तय हुआ। बैठक में प्रदेश भर से आए हिमाचल परिवहन मजदूर संघ के लगभग 150 कार्यकर्ताओं व पदाधिकारयों ने भाग लिया। इस दौरान पालमपुर की इकाई का भी गठन किया गया।