न्यूजीलैंड को जीत के लिए 257 रन की जरूरत

क्राइस्टचर्च। श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच क्राइस्टचर्च में पहला टेस्ट खेला जा रहा है। टेस्ट जीतने के लिए न्यूजीलैंड को 257 रन की जरूरत है। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने एक विकेट खोकर 28 रन बना लिए है। टॉम लाथम और केन विलियम्सन नाबाद हैं। चौथे दिन दूसरी पारी में श्रीलंका ने 83/3 के स्कोर के आगे खेलना शुरू किया था। एंजेलो मैथ्यूज ने पारी को संभाला और आगे बढ़ाया और शतक जड़ा। श्रीलंका के लिए मैथ्यूज ने 115 रन की पारी खेली। उनके अलावा चांदीमल ने 42 और धनंजय डी सिल्वा ने 47 रन टीम के लिए जोड़े।

केशव महाराज विकेट सेलिब्रेट करते चोटिल

जोहान्सबर्ग। साउथ अफ्रीका के स्पिनर केशव महाराज को विकेट सेलिब्रेट करना महंगा पड़ गया। वेस्टइंडीज के खिलाफ जोहान्सबर्ग में खेल रहे महाराज ने रविवार को काइल मेयर्स को आउट किया। महाराज जैसे ही सेलिब्रेट करने लगे, उनकी एड़ी में दर्द उठ गया। इसके बाद उन्हें मैदान से बाहर स्ट्रेचर पर ले जाना पड़ा। क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने रविवार को कहा कि महाराज की टेंडन यानी पिछली एड़ी के ऊपर वाले हिस्से में चोट आई है। साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को जोहान्सबर्ग में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में 284 रन से हरा दिया। साउथ अफ्रीका को चौथे दिन जीत हासिल हुई। टेंबा बावुमा प्लेयर ऑफ दि मैच रहे। उन्होंने दूसरी पारी में 171 रन स्कोर किए।