20 साल बाद OPS बहाल, अप्रैल से नहीं जाएगा एनपीएस कंट्रीब्यूशन, रिटायरीज को भी लाभ

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-शिमला

करीब 20 साल के लंबे अंतराल के बाद हिमाचल में ओल्ड पेंशन बहाल हो गई है। शुकर््वार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में यह फैसला ले लिया गया। कैबिनेट ने निर्णय लिया है कि अप्रैल 2023 से ओल्ड पेंशन पूरी तरह लागू हो जाएगी और एनपीएस का कंट्रीब्यूशन कटना बंद हो जाएगा। नई बात यह है हिमाचल में ओल्ड पेंशन को बहाल करने के लिए अपना ही मॉडल बनाया है। इसके अनुसार 2003 के बाद नियुक्त सभी एनपीएस कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन के दायरे में लाया जाएगा, लेकिन इसके लिए इन्हें विकल्प देना होगा।

रिटायर हो चुके एनपीएस कर्मचारियों को भी भावी तिथि से ओल्ड पेंशन का लाभ दिया जाएगा। यानी इन्हें एरियर नहीं मिलेगा। कर्मचारियों के लिए जीपीएफ अकाउंट अप्रैल 2023 से शुरू हो जाएंगे और इसके लिए नए सिरे से रूल्स बनेंगे। राज्य सरकार पहले साल में ही ओल्ड पेंशन पर 1000 करोड़ का अतिरिक्त खर्च करेगी। कैबिनेट ने भारत सरकार के लिए भी एक प्रस्ताव पारित किया है, जिसमें केंद्र से राज्य सरकार की कंट्रीब्यूशन के तौर पर गए 8000 करोड़ रुपए लौटाने का आग्रह किया गया है। कैबिनेट में हुए फैसले के अनुसार वित्त विभाग को नए पेंशन रूल्स जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ जीपीएफ के रूल्स और स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर भी जारी होंगे।