ऊना पुलिस को मिली बड़ी सफलता, नशा तस्कर मंजूर अहमद को अनंतनाग से किया गिरफ्तार

ऊना। नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत ऊना पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। पुलिस ने पड़ोसी राज्य जम्मू-कश्मीर में छापेमारी के दौरान नशे के सौदागर को अनंतनाग से गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पकड़े गए आरोपी की पहचान मंजूर अहमद गनी निवासी जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिला के तौर पर हुई है। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर अपने साथ हरोली थाना ले आई है।

बता दें कि उक्त आरोपी नशा तस्करी के मामले में काफी समय से फरार चल रहा था। वहीं, कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित किया था। 31 मई 2020 को हुई इस घटना के दौरान पुलिस ने आरोपी से करीब 18 क्विंटल चूरा पोस्त बरामद की थी। हालांकि इस मामले में पुलिस द्वारा पहले ही हिमाचल, पंजाब और हरियाणा से करीब आधा दर्जन लोगों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं इस नशे से बड़े स्तर पर संपत्ति अर्जित करने का भी खुलासा हुआ है।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने बाताया कि पुलिस लगातार अनंतनाग पुलिस के संपर्क में थी। 2 दिन पहले ही मंजूर अहमद गनी की अनंतनाग में होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम अनंतनाग रवाना हुई। इस दौरान हरोली पुलिस और अनंतनाग पुलिस के साथ मिलकर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई।