इलाहाबाद हाई कोर्ट सुनेगा श्रीकृष्ण जन्मभूमि विवाद से जुड़े सभी मामले

एजेंसियां — इलाहाबाद

मथुरा श्रीकृष्ण जन्मभूमि विवाद से जुड़े सभी मामलों की सुनवाई अब इलाहाबाद हाई कोर्ट में होगी। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने मथुरा की निचली अदालत में चल रहे सभी मामलों को अपने पास मंगवाने का फैसला किया है। इस फैसले को लेकर एक अर्जी हाई कोर्ट में दाखिल की गई थी। इसमें कहा गया था कि मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि मामला राष्ट्रीय महत्त्व का है। इसे देखते हुए सुनवाई हाई कोर्ट द्वारा की जानी चाहिए। इसके बाद हाई कोर्ट ने इससे जुड़े सभी मामलों पर खुद सुनवाई का फैसला लिया। अलग-अलग कोर्ट में दाखिल याचिकाओं पर किसी एक कोर्ट में ही सुनवाई की मांग की गई थी। मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि विवाद काफी पुराना है। विवाद 13.37 एकड़ जमीन पर मालिकाना हक से जुड़ा हुआ है। 12 अक्तूबर, 1968 को श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान ने शाही मस्जिद ईदगाह ट्रस्ट के साथ समझौता किया था। इस समझौते में 13.7 एकड़ जमीन पर मंदिर और मस्जिद दोनों बनने की बात हुई थी।