2024 में इतिहास रचेगी भाजपा, प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल बोले, अभी से तैयारी शुरू करें वर्कर

नौहराधार — भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद डा. राजीव बिंदल पहली बार हरिपुरधार पहुंचे। इस दौरान उन्होंने माता भंगायणी के मंदिर में माथा टेका। इस अवसर पर उनके साथ पूर्व भाजपा विधायक रूप सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष अमर सिंह ठाकुर, रेणुका भाजपा मंडल सचिव सतीश ठाकुर, रणबीर छींटा, गोपाल भंडारी, गोबिंद ठाकुर सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे

निजी संवाददाता – नौहराधार

2024 के लोकसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ता अभी से ऐसी तैयारी शुरू करें, ताकि अगली बार हम नया इतिहास रच सकें। भाजपा कार्यकताओं से यह आह्वान प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल ने किया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार हरिपुरधार पहुंचे डा. राजीव बिंदल का पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डा. राजीव बिंदल ने कहा कि 2019 के चुनाव में रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा कार्यकर्ताओं ने 16 हजार से अधिक मतों की बढ़त दिलाकर बड़ा करिश्मा किया था। उन्होंने कहा कि रेणुका का भाजपा कार्यकर्ता मेहनती, शक्तिशाली, जुझारू, निष्ठावान व काफी सजग हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में एकजुट होकर हम इतिहास रचने में कामयाब हो जाएंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्त्व ने उन्हें अध्यक्ष का पदभार संभालने का दायित्त्व दिया है।

माता भंगायणी के श्री चरणों में शीश नवाकर व माता का आशीर्वाद लेकर इस कार्य को शुरू करना है। डा. राजीव बिंदल जब हरिपुरधार पहुंचे तो प्रदेश भाजपा कार्य समिति के सदस्य सही राम चौहान ने उनका जोरदार स्वागत किया। इतना ही नहीं, कार्यकर्ताओं के जोश को देखकर बिंदल इतने खुश हुए कि रासा गीत पर कार्यकर्ताओं के साथ झूम उठे। जला सहकारिता प्रकोष्ठ के सदस्य बलबीर राणा ने उन्हें डांगरा भेंट किया। माता के दर्शन के बाद उन्होंने मंदिर में पूजा अर्चना की। माता के दर्शन के बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और उसके बाद नाहन के लिए रवाना हुए।