प्रतिभा सिंह का कार्यकर्ताओं से आह्वान, जनता को बताएं सुक्खू सरकार की नीतियां
निजी संवाददाता — पंडोह
मंडी की सांसद एवं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा है कि लोकसभा चुनावों के लिए कांग्रेस पूरी तरह से तैयार है और तत्पर है। हम प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों की जीतेंगे। प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार है। संगठन मजबूती के साथ काम कर रहा है। जरूरत है, तो कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाने और प्रदेश में राजा वीरभद्र सिंह के कार्यकाल में हुए विकास को गांव गांव तक ले जाने की। उन्होंने कहा कि वर्तमान सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार की उपलब्धियों कार्यक्रमों को कार्यकर्ता घर घर तक ले जाएं। यह आह्वान सांसद प्रतिभा सिंह ने पंडोह में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि भाजपा ने आज से लोकसभा चुनावों का शंखनाद कर दिया है। अब कांग्रेस के हर सिपाही को अपने कर्तव्य का निर्वहन के लिए घर घर जाकर लोगों को कांग्रेस पार्टी के पक्ष में मतदान के लिए प्रेरित करना होगा।
आबकारी मेन्युफैक्चर रूल्स में संशोधन
शिमला — आबकारी एवं कराधान विभाग ने स्वीट (मेन्युफैक्चर) रूल्स-1988 में संशोधन किया है। विभाग के राज्य आयुक्त युुनुस ने बताया कि 1966 से पहले हिमाचल में समाविष्ट क्षेत्रों और पंजाब पुनर्गठन अधिनियम 1966 की धारा-5 के अंतर्गत प्रदेश में जोड़े गए क्षेत्रों के साथ ही प्रवृत्त पंजाब आबकारी अधिनियम 1914 की धारा 21 और 59 जो हिमाचल आबकारी अधिनियम 2011 की धारा 82 के साथ पठित हैं। एक्साइज एक्ट 2011 की धारा 16 और 81 की प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए स्वीट रूल्स 1988 में संशोधन किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में यह संशोधन अप्रैल माह से लागू माना जाएगा।
विधायक सम्मेलन के लिए मुंबई पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष
शिमला — विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया राष्ट्रीय विधायक सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए मुंबई पहुंच गए हैं। कुलदीप सिंह पठानिया का मुंबई पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। यह सम्मेलन 15 से 17 जून तक आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में पूरे भारत से विधानसभाओं और विधान परिषदों के 3300 के करीब सदस्यों के भाग लेने की संभावना है, जबकि हिमाचल प्रदेश राज्य से भी 40 से अधिक सदस्यों ने भाग लेने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री सुक्खु के अलावा मंत्री परिषद के सदस्य और संसदीय सचिव भी इसमें भाग ले रहे हैं।