तीन दिन हिमाचल दौरे पर रहेंगे नड्डा, 12 जून को नूरपुर में भाजपा कार्यालय का करेंगे उद्घाटन

13 जून को बिलासपुर जिला के कार्यकर्ताओं में भरेंगे जोश

14 जून को कुल्लू में विशाल रैली को करेंगे संबोधित

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा हिमाचल आने वाले है। 12 से लेकर 14 जून तक वह हिमाचल के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता व श्री नयनादेवी जी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रणधीर शर्मा ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि 12 जून को श्री नड्डा जिला कांगड़ा में नूरपुर स्थित नए भाजपा जिला कार्यालय का उद्घाटन करेंगे यह कार्यालय अपने आप में एक भव्य कार्यालय होगा। इसे पहले ऊना जिला में जिला कार्यालय भाजपा द्वारा खोल दिया है। उद्घाटन के समय वह जिला कांगड़ा में स्थित पालमपुर के जिला कार्यालय का भी शुभारंभ करेंगे।

इसी दिन नूरपुर में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। रणधीर शर्मा ने बताया कि 13 जून को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष बिलासपुर में स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। 14 जून को मंडी लोकसभा क्षेत्र के कुल्लू में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस जनसभा का आयोजन केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने पर किया जा रहा है। इस दिन भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा कार्यकर्ताओं में नए जोश का संचालन करेंगे। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने दौरे के दौरान कई मंदिरों में शीश झुकाएंगे और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात करेंगे।

हर बूथ तक पहुंचेंंगे

गौरतलब है कि भाजपा प्रदेशभर में महाजन संपर्क अभियान चला रही है। इस अभियान से जहां केंद्र में मोदी सरकार के नौ वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को भाजपा कार्यकर्ता जन-जन तक पहुंचा रहे हैं, तो इसी बीच लोकसभा चुनावों के लिए भाजपा ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जनसंपर्क अभियान के माध्यम ने प्रदेश के हर बूथ तक पहुंचने का लक्ष्य रखा है।