कुलदीप पठानिया ने सराहा चलो चंबा अभियान

बचत भवन में चलो चंबा अभियान का कैलेंडर आफ इवेंट लांच

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने शनिवार को जिला प्रशासन की पहल पर आधारित चलो चंबा अभियान के तीसरे संस्करण का कैलेंडर आफ इवेंट 2023 को बचत भवन चंबा से लांच किया। कैलेंडर आफ इवेंट में चलो चंबा अभियान के तहत वर्ष 2023-24 के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न 35 गतिविधियों की जानकारी प्रदान की गई है। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने जिला में पर्यटन विकास को लेकर जिला प्रशासन द्धारा शुरू किए गए चलो चंबा अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इससे जिला के अनछुए पर्यटन स्थल विश्व पर्यटन मानचित्र पर उजागर हो रहे हैं।

चलो चंबा अभियान से जिला की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली परंपराएं, कला एवं शिल्प, मेले-त्यौहार, वन संपदा, नैसर्गिक सौंदर्य व ग्रामीण जीवन के साथ इवेंट आफ कैलेंडर में अंर्तराष्ट्रीय मिंजर मेला, विश्व प्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा, फुल्ल यात्रा व स्नो फेस्टिवल इत्यादि को भी शामिल किया गया है। इस अवसर पर सदर विधायक नीरज नैयर, ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करतार सिंह ठाकुर, जिला कांग्रेस कमेटी महासचिव राजीव कौशल, पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अमित मैहरा व जिला पर्यटन विकास अधिकारी राजीव मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।