जिला दंडाधिकारी अपूर्व देवगन ने जारी किए आदेश,बाहरी कामगारों, किराएदारों, घरेलू श्रमिकों की बढ़ती संख्या को लेकर प्रावधान लागू
दीपक शर्मा- चंबा
जिला दंडाधिकारी अपूर्व देवगन ने आपराधिक प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के प्रावधानों को जिला में आगामी 60 दिनों तक लागू करने के आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश में कहा गया है कि बाहरी कामगारों, किराएदारों, घरेलू श्रमिक की बढ़ती संख्या को लेकर पुलिस अधीक्षक द्वारा सूचित किए जाने पर एहतियातन ,असामाजिक तत्त्वों और सामाजिक सौहार्द बिगाडऩे वाले लोगों की पहचान के लिए आगामी 60 दिनों तक धारा 144 के अंतर्गत विभिन्न प्रावधानों को लागू किया गया है। आदेश में यह भी कहा गया है कि विद्युत परियोजनाओं के तहत ठेकेदारों या कंपनियों में लगे प्रवासी मजदूरों की पूर्ववृत्त पहचान और बाहरी राज्यों से आने वाले कपड़े व शाल इत्यादि बेचने और बर्तनों की साफ-सफाई से संबंधित कार्यों में लगे लोगों की पूर्ववृत्त पहचान आवश्यक है।
जारी आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि नियोक्ता, ठेकेदार, व्यापारी को प्रवासी मजदूरों को सेवा में संलग्न करने से पहले संबंधित पुलिस थाना में इनकी पूर्ववृत्त की पहचान और सत्यापन के लिए एक पासपोर्ट आकार की फोटो के साथ विवरण प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा स्वरोजगार की अवस्था में भी प्रवासी व्यक्तियों को संबंधित पुलिस थाना को सूचित करना होगा। जारी आदेश के अनुसार जिला के सभी एसडीएम से ऐसे व्यक्तियों की निगरानी और नियमित रूप से समीक्षा करने को कहा गया है। आदेश में यह भी कहा गया है कि सभी धार्मिक संस्थानों, पूजा स्थलों, परिसरों में ऐसे व्यक्तियों को बिना संबंधित थाना में पंजीकरण के बिना ठहरने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा इन्हें ठहरने वाले सभी व्यक्तियों का रिकार्ड रखना भी अनिवार्य होगा। आदेश के उल्लंघन की अवस्था में भारतीय दंड संहिता के धारा 188 के तहत कार्रवाई का प्रावधान रखा गया है। एचडीएम
डीसी, एसपी ने की पीडि़त परिवार से मुलाकात
चंबा। डीसी अपूर्व देवगन व एसपी अभिषेक यादव ने गुरुवार को मनोहर लाल के घर थरोली पहुंचकर पीडि़त परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को सात्वनां देने के साथ ही सरकार की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा भी दिलाया। उन्होंने पीडि़त परिवार को इस घटना को लेकर पुलिस की ओर अमल में लाई गई कार्रवाई की जानकारी भी दी। डीसी अपूर्व देवगन ने कहा कि सरकार की ओर से मुआवजा राशि प्रदान की जा रही है। इसके लिए कुछेक आवश्यक दस्तावेजों की औपचारिकताओं को निपटाया जा रहा है।