सरकारी दफ्तरों में सीएम की दबिश, होशियारपुर में औचक निरीक्षण कर लिया सुविधाओं का जायजा

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने होशियारपुर में औचक निरीक्षण कर लिया सुविधाओं का जायजा

निजी संवाददाता—होशियारपुर

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सरकारी दफ्तरों की औचक जांच की कार्यवाही को जारी रखते हुए गुरुवार को स्थानीय तहसील काम्पलैक्स में लोगों को नागरिक केंद्रित सेवाएं निर्विघ्न मुहैया करवाने के लिए चैकिंग की। मुख्यमंत्री ने गुरुवार शाम को तहसील काम्पलैक्स का मुआइना किया और काम्पलैक्स में स्थित अलग-अलग दफ़्तरों की चैकिंग करने के अलावा लोगों के साथ बातचीत भी की। उन्होंने लोगों को दरपेश समस्याओं के बारे में कहा कि अगर उनको कोई मुश्किल पेश आ रही है, तो बिना किसी देरी के तुरंत हल करने को सुनिश्चित बनाया जाए। भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार पंजाब के सर्वांगीण विकास और यहां के लोगों की खुशहाली के लिए वचनबद्ध है। स्थिति का जायज़ा लेने के लिए मुख्यमंत्री के ख़ुद लोगों में आने के कारण लोगों ने उनका खुलकर स्वागत किया। अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना भगवंत सिंह मान ने भी लोगों के साथ जोश के साथ मुलाकात की और उनका हाल-चाल पूछा।

तहसील काम्पलैक्स में मौजूद लोगों ने उनकी तारीफ करते हुए कहा कि वह अच्छा काम कर रहे हैं और जाहिर है कि राज्य में महाराजा रणजीत सिंह के राज जैसा अच्छा समय वापस आ गया है। निरीक्षण के दौरान उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री के साथ सैल्फी भी ली और लोक कल्याण के लिए किए जा रहे शानदार कार्यों के लिए उनका धन्यवाद किया। इस दौरान भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब सरकार समाज के हर वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य में इस नेक कार्य के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी और लोगों को इसका भरपूर लाभ मिलेगा। इस दौरान दफ़्तरों में स्टाफ के साथ बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने उनको मिशनरी भावना के साथ लोगों की सेवा करने का आह्वान किया। भगवंत सिंह मान ने उनको समाज के जरूरतमंद और पिछड़े वर्गों की मदद के लिए अपनी कलम का प्रयोग करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि परमात्मा ने उनको शक्ति दी है और वह जनता की अधिक से अधिक भलाई सुनिश्चित बनाएं, जिससे समाज के हर वर्ग को इसका लाभ मिल सके।