हिमाचल पुलिस ही करेगी कांस्टेबल भर्ती, विधानसभा सत्र के बाद शुरू होगी 1226 पदों के लिए प्रक्रिया

स्टाफ रिपोर्टर — शिमला

हिमाचल प्रदेश पुलिस भर्ती की प्रक्रिया विधानसभा के शीतकालीन सत्र के बाद शुरू होगी। हिमाचल पुलिस में कांस्टेबल के 1230 पदों को भरने के लिए सारी भर्ती प्रक्रिया पुलिस मुख्यालय खुद पूरी करेगा। इसके लिए पीएचक्यू के स्तर पर ही एक कमेटी बनाई जाएगी और पहली बार इस भर्ती में 30 फीसदी आरक्षण कोटा महिलाओं को दिया जाएगा। इससे पहले पुलिस की अपनी कमेटी द्वारा की गई भर्तियों में पेपर लीक के मामले को देखते हुए प्रक्रिया में इस बार कुछ बदलाव किया जा सकता है। पुलिस भर्ती कमेटी बनाने का फैसला विधानसभा के शीतकालीन सत्र के बाद होगा। ऐसे में विधानसभा के शीतकालीन सत्र के बाद पुलिस भर्ती के लिए आगे की प्रक्रिया शुरू होगी। हिमाचल पुलिस में 1226 कांस्टेबल भर्ती किए जाएंगे। इनमें 877 मेल, 292 फीमेल कांस्टेबल और 57 ड्राइवर शामिल हैं।

यह भर्ती पुलिस विभाग द्वारा ही सीधी भर्ती के माध्यम से होगी। हिमाचल प्रदेश पुलिस भर्ती में महिलाओं का आरक्षण कोटा 25 से बढ़ाकर 30 प्रतिशत किया गया है। पुलिस मुख्यालय की ओर से पुलिस भर्ती का ड्राफ्ट तैयार करके गृह विभाग को भेज दिया गया है। अब पुलिस भर्ती के पुलिस अधिकारियों की एक कमेटी का गठन किया जाएगा। पुलिस भर्ती की कमेटी गठित होने के बाद पुलिस भर्ती को लेकर कुछ फैसले लिए जा सकते हैं। पिछली पुलिस भर्ती में पेपर लीक होने के कारण इस बार पुलिस भर्ती की प्रक्रिया में कुछ बदलाव किया जा सकता है। जल्द ही अधिसूचना जारी की जाएगी। उसके बाद भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी।