चंडीगढ़ में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, 145 सांसदों को निलंबित करने का विरोध, केंद्र के खिलाफ नारेबाजी

145 सांसदों को निलंबित करने का विरोध, सडक़ों पर उतरकर केंद्र के खिलाफ जमकर नारेबाजी

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — चंडीगढ़

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने शुक्रवार को देश में लोकतंत्र और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की भाजपा की लगातार कार्रवाइयों का विरोध करने के लिए एक विशाल विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया। भाजपा पर देश में संसदीय परंपराओं को नष्ट करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने कहा कि भाजपा के अलोकतांत्रिक रवैये का ताजा उदाहरण उनके द्वारा मनमाने ढंग से विपक्षी दलों के 145 सांसदों को संसद से निलंबित करना है। कांग्रेस ने भाजपा पर संगीन आरोप लगाया कि लोकसभा में अवैध रूप से घुसपैठ करने वालों पर तो यूएपीए के तहत मामला दर्ज किया गया है, लेकिन संसद में उन्हें आमंत्रित करने वाले भाजपा नेता और सांसद को बिना किसी जांच के छोड़ दिया गया है। पार्टी ने मांग की कि संसद की सुरक्षा में सेंध लगाने की गहरी साजिश का पर्दाफाश करने के लिए निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। प्रवक्ता राजीव शर्मा ने यहाँ जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि पार्टी अध्यक्ष एचएस लक्की सहित 100 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर सेक्टर 39 के पुलिस स्टेशन ले जाया गया है।

इससे पहले, शुक्रवार को सुबह, काले कपड़े पहने सैकड़ों कांग्रेसी प्रदर्शनकारी सेक्टर 35 चंडीगढ़ में एकत्र हुए और भाजपा कार्यालय की ओर मार्च करने लगे। उत्तेजित कांग्रेस कार्यकर्ता, जो काले झंडे और सरकार विरोधी नारों वाली तख्तियां लिए हुए थे लगातार भाजपा विरोधी नारे लगा रहे थे। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री, जो आज शहर के दौरे पर हैं, के विरोध में काले गुब्बारे छोड़े और सरकार द्वारा अपनी नाकामी छिपाने के लिए विपक्ष की संयुक्त आवाज को दबाने के लिए गृहमंत्री की आलोचना की। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों से अर्जित भारत का लोकतंत्र आज भाजपा की तानाशाही,विभाजनकारी नीतियों के कारण गंभीर खतरे में है।