जींद में आम आदमी पार्टी की चुनाव रैली, अरविंद केजरीवाल-CM भगवंत सिंह मान ने भरा जोश

आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल-पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने भरा जोश

दिव्य हिमाचल ब्यूरो—चंडीगढ़

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवत मान ने रविवार को हरियाणा के जींद में चुनावी रैली की। रैली में आम आदमी पार्टी हरियाणा इकाई के सभी नेता और करीब एक लाख से ज्यादा लोग मौजूद थे। रैली में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि इतनी ठंड के बावजूद भारी संख्या में लोगों का यहां आना इस बात का सबूत है कि हरियाणा के लोग इस बार नई कहानी लिखने को तैयार हैं। भगवंत मान ने अरविंद केजरीवाल को ‘हरियाणा का बेटा’ बताया और कहा कि केजरीवाल राजनीति में भ्रष्टाचार खत्म करने आए हैं। इन्होंने दिल्ली में भ्रष्टाचार खत्म किया, इसलिए दिल्ली के लोगों ने दो बार भारी बहुमत से आम आदमी पार्टी की सरकार बनाई। जब उनके कामों की गूंज पंजाब पहुंची, तो 2022 में पंजाब के लोगों ने भी 117 में से 92 सीटें जिताकर राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार बनाई, अब हरियाणा की बारी है।

इस बार हरियाणा में भी दिल्ली और पंजाब की तरह भारी बहुमत से ‘आप’ की सरकार बनेगी। जींद की रैली में केजरीवाल और मान पंजाब के करीब एक लाख लोगों के जीरो बिजली बिल लेकर पहुंचे थे। उनमें से कुछ लोगों के बिजली बिल दिखाते हुए मान ने कहा कि पंजाब विधानसभा चुनाव के समय हम गारंटी देते थे कि हमें एक बार मौका दें, सरकार बनने पर हम सभी लोगों के 300 यूनिट प्रति माह बिजली बिल मुफ्त करेंगे और सरकार बनने के मात्र तीन महीने के भीतर ही जुलाई 2022 से पंजाब के लोगों के जीरो बिजली बिल आने शुरू हो गए। उन्होंने कहा कि अगर आपको इस बिल पर भरोसा न हो तो हरियाणा के ठीक बगल में ही पंजाब है। आप वहां अपने रिश्तेदारों या अपने पहचान के लोगों से फोन पर बात कर यह पूछ सकते हैं, हम भाजपा की तरह जुमले नहीं देते, हम जो वादा करते हैं उसे पूरा करके दिखाते हैं। अपने भाषण के दौरान मान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी हमला बोला और कहा कि मोदी बचपन में रेलगाड़ी में चाय बेचा करते थे और प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्होंने रेलवे को ही बेच दिया। मोदी सरकार ने देश की दर्जनों सरकारी कंपनियां बेच दी। उन्होंने सिर्फ अपने कॉरपोरेट दोस्तों के लिए काम किया।