अयोध्या जरूर जाएंगे…

भगवान श्री राम का नाम लेते ही मानसिक शांति मिलती है। वह सनातन धर्म या भारत के लिए ही आदर्श नहीं हैं, बल्कि सारी दुनिया के लिए हैं। उनकी जन्मभूमि अयोध्या में लगभग 500 वर्ष बाद उनका जो भव्य मंदिर बन रहा है और वहां 22 जनवरी को राम लल्ला की प्राण प्रतिष्ठा होने जा रही है, उसकी खुशी जाहिर करने के लिए जो तैयारियां चल रही हैं उन्हें देखकर लग रहा है कि दीपावली का त्योहार आने वाला है। हमारे देश में ही नहीं, बल्कि दुनिया के दूसरे देशों में रह रहे राम भक्त भी खुशी जाहिर कर रहे हैं। 22 जनवरी को जब अयोध्या में राम लल्ला की प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन होना है, तब हमें अयोध्या जाने की बजाय अपने-अपने घर पर ही इसकी खुशी मनानी चाहिए। वहां पर भीड़ एकत्र करके अव्यवस्था पैदा नहीं होनी चाहिए। बाद में कभी अयोध्या जाकर भगवान के दर्शन किए जा सकते हैं।

-राजेश कुमार चौहान, सुजानपुर टीहरा