रामपुर बुशहर के हरीश चंद्र लकटू इंटरनेशनल रेफरी

दिल्ली में सात से होने वाली अंतरराष्ट्रीय किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए चयनित

स्टाफ रिपोर्टर— रामपुर बुशहर
वाको इंडिया किक बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया ने रामपुर बुशहर के पिछड़े क्षेत्र किन्नू से संबंध रखने वाले हरीश चंद्र लकटू को अंतरराष्ट्रीय रेफरी चयनित किया। हरीश सात से 11 फरवरी तक ताल कटोरा इंडोर स्टेडियम दिल्ली में होने वाले अंतरराष्ट्रीय किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप में रेफरी की भूमिका निभाएंगे। हाल ही में वाको इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन ने रेफरी के लिए देश के 26 लोगों की सूची जारी की हैं। इस सूची में एक चेयरमैन, तीन चीफ रेफरी एवं 22 रेफरी हैं।

इस सूची में हिमाचल प्रदेश से दो अंतरराष्ट्रीय रेफरी चयनित हुए हैं। दोनों ही शिमला जिला से संबंध रखते हैं। इनमें हरिश्चंद्र लकटू एवं यशवंत हौटा शामिल हैं। दुर्गम 6/20 इलाके से संबंध रखने वाले हरिश्चंद्र लकटू वर्ष 1985 से कराटे में अपना दमखम दिखाते आए हंै। लगभग नौ साल से वह वाको इंडिया किक बॉक्सिंग फेडरेशन से जुड़े हैं और वर्तमान में वाको इंडिया किक बॉक्सिंग फेडरेशन शिमला के अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने हाल ही में खेलो इंडिया में भी रेफरी के रूप में भूमिका निभाई है। लकटू ने कहा के आज के माहौल में बॉक्सिंग महिलाओं के लिए आत्मरक्षा के लिए जरूरी है। वह क्षेत्र में बच्चों को लगातार आत्मरक्षा के गुर सिखा रहे हैं।