किलाड़ में डेढ़ फुट,बर्फबारी से ठंड से घरों में दुबके लोग

पांगी में सडक़ें बंद, थम गई आवाजाही
निजी संवाददाता- पांगी
जनजातीय उपमंडल पांगी में बर्फबारी का दौर गुरुवार को भी जारी रहा। पांगी मुख्यालय किलाड़ में डेढ़ फुट के करीब बर्फबारी हो चुकी है। जबकि उपरी क्षेत्रों में दो से तीन फुट बर्फ गिरी है। बर्फबारी के कारण घाटी के मुख्य सहित संपर्क मार्गों पर वाहनों के पहिये भी थमकर रह गए हैं। बर्फबारी का दौर लगातार जारी रहने से लोग घरों में दुबक कर रह गए हैं। पांगी घाटी में बुधवार शाम से दोबारा बर्फबारी का दौर आरंभ हो गया। बर्फबारी के लगातार जारी रहने से पांगी घाटी बर्फ की सफेद चादर से ढककर रह गई है। बर्फबारी के हाड कंपा देने वाली ठंड के चलते कडाके की ठंड पडने से लोग घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं।

हालांकि बर्फबारी के कारण घाटी के किसान व बागवान खासे खुश दिख रहे हैं। उल्लेखनीय है कि पांगी घाटी में पिछले दो दिनों से बर्फबारी का दौर जारी रहा। इसके चलते पांगी घाटी में यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित होकर रह गई है। पांगी को शेष विश्व से जोडने वाले मुख्य मार्ग भी बंद होकर रह गए है। पांगी घाटी देश- दुनिया से अलग- थलग होकर रह गई है। दिक्कतें भी बढ़ गई हैं।