किलाड़ में तीन इंच बर्फबारी, पांगी ने दोबारा ओढ़ ली बर्फ की सफेद चादर

 ठंड के चलते घरों में दुबके लोग

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
जनजातीय उपमंडल पांगी ने रविवार को दोबारा से बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। उपमंडल मुख्यालय किलाड़ में रविवार को तीन इंच के करीब ताजा बर्फबारी रिकार्ड की गई है। बर्फबारी के बीच हांड कंपा देने वाली ठंड के चलते लोग एक बार फिर से घरों में दुबकने को मजबूर होकर रह गए हैं। समाचार लिखे जाने तक पांगी में बर्फबारी का दौर लगातार जारी था।

रविवार को पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के साथ मौसम ने एकाएक करवट बदल ली। रविवार को आसमान पर छाए काले बादलों के बीच बारिश का दौर आरंभ हो गया। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों भी पांगी में लगातार दो दिनों तक बर्फबारी हुई थी। पांगी में अढ़ाई फुट के करीब बर्फ गिरने से बिजली व पानी सहित यातायात व्यवस्था ठप हो गई थी। बर्फबारी का दौर थमते ही उपमंडलीय प्रशासन ने बर्फबारी के कारण बिगडी व्यवस्था को बहाल कर अस्त-व्यस्त आम जनजीवन को वापस पटरी पर लाया था। करीब एक पखवाड़े की राहत के बाद रविवार को पांगी में फिर से बर्फबारी का दौर आरंभ हो गया है। बर्फबारी आरंभ होने से घाटी के लोग पिछले कटु अनुभवों से सिंहर उठे हैं।

तापमान में गिरावट के साथ ही बर्फबारी शुरू

दोपहर बाद तापमान में गिरावट के साथ ही बर्फबारी शुरू हो गई। देखते ही देखते पांगी घाटी की उंची पहाडिय़ों सहित उपमंडल मुख्यालय किलाड़ बर्फ की सफेद चादर से ढक गया। बर्फबारी के बीच फिलहाल बिजली व पानी सहित यातायात व्यवस्था बहाल रखना राहत की बात है। समाचार लिखे जाने तक पांगी में बर्फबारी का दौर लगातार जारी था। रविवार को पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के साथ मौसम ने एकाएक करवट बदल ली और बर्फबारी शुरू हो गई।