विज्ञान प्रश्नोत्तरी में विराज, हरमन की धाक

डीएवी स्कूल हरदासपुरा में मनाया विज्ञान दिवस, चित्रकला प्रतियोगिता में काव्यांश ने पाया पहला स्थान

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
डीएवी पब्लिक स्कूल हरदासपुरा में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस धूमधाम से मनाया गया। इसकी अध्यक्षता स्कूल के प्रिंसीपल अशोक कुमार गुलेरिया ने की। उन्होंने कहा कि 28 फरवरी ही वह दिन है जब दुनिया भर में प्रसिद्ध भारतीय वैज्ञानिक सी वी रमन ने अपनी खोज रमन इफेक्ट की घोषणा की थी। इस खोज के लिए उन्हें 1930 में नोबल पुरस्कार मिला था। सी वी रमन के इस महान आविष्कार के सम्मान में भारत सरकार ने 1986 में तय किया कि हर वर्ष 28 फरवरी का दिन राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के तौर पर मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के उपलक्ष्य पर स्कूल में 14 से 28 फरवरी तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता में काव्यांश पहले, देवेंद्र ठाकुर दूसरे व जान्या कुकरेजा तीसरे स्थान पर रहा।

निबंध लेखन में सानवी ठाकुर प्रथम, मीनल महाजन द्वितीय व दैविक तृतीय रही। विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विराज और हरमन पहले, तनिष्का और प्रकृति दूसरे तथा आकृति और युवराज तीसरे स्थान पर रहा। प्रिंसीपल अशोक कुमार गुलेरिया ने विजेता छात्रों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। उन्होंने मिशन लाइफ के बारे में प्रेरित करते हुए बताया कि इसका उद्देश्य व्यक्तियों और समुदायों को ऐसी जीवन शैली को अपनाने के लिए प्रेरित करना है जो प्रकृति के साथ सहयोगी हो और इसे क्षति न पहुंचाए। उन्होंने पर्यावरण की सुरक्षा और संरक्षण के लिए भी बच्चों को प्रेरित किया।