342 होनहार विद्यार्थियों को सम्मान, डीएवी कालेज अमृतसर में पुरस्कार वितरण समारोह

निजी संवाददाता—अमृतसर

डीएवी कालेज अमृतसर में 66वां वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस पुरस्कार समारोह में 342 स्टूडेंट्स को अकादमिक, खेल और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उनकी उत्कृष्टता के लिए सम्मानित किया गया। प्रिंसीपल डा. अमरदीप गुप्ता ने सभी गणमान्य व्यक्तियों का औपचारिक स्वागत किया, जिसके बाद उन्होंने कालेज की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी तथा खेल और सांस्कृतिक क्षेत्र में कालेज की शानदार उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। इसके बाद शिक्षा, संस्कृति और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करके संस्थान को गौरवान्वित करने वाले छात्रों को प्रमाण पत्र, पदक और ट्राफियां प्रदान की गईं। आज के कार्यक्रम के मुख्य मेहमान राज्यसभा सांसद और पद्म श्री सम्मान से सम्मानित बलबीर सिंह सीचेवाल थे। उन्होंने स्टूडेंट्स की मेहनत की सराहना की और उन्हें अपने लक्ष्य की ओर बढऩे के लिए प्रोत्साहित किया।

उन्होंने स्टूडेंट्स को पर्यावरण के प्रति जागरूक होने का आह्वान भी किया। उन्होंने कहा कि उपजाऊ धरती और बेहतरीन पर्यावरण के लिए हवा और पानी का साफ रहना बहुत जरूरी है, जिसमें युवा वर्ग एक महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा सकते है। आज के कार्यक्रम में गेस्ट ऑफ ऑनर म्युनिसिपल कारपोरेशन के कमिश्नर हरप्रीत सिंह थे। हरप्रीत सिंह ने छात्रों द्वारा प्रदर्शित भागीदारी की भावना की प्रशंसा करते हुए कहा कि निडर होकर अपने कंफर्ट जोन से बाहर निकले और साहस के साथ अपनी प्रतिभा दिखाए। किसी के जीवन में समग्र विकास के लिए पढऩे और सामान्य जागरूकता के महत्त्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अगर हर छात्र द्वारा एकजुट प्रयासों के साथ मेहनत करें, तो परिणामस्वरूप सफलता अवश्य मिलती है। कालेज रजिस्ट्रार डा. अनीता महाजन ने बताया कि आज के कार्यक्रम में 342 स्टूडेंट्स, स्टाफ और नॉन टीचिंग सदस्यों को उनकी सर्वोत्तम परिणामों और सेवाओं के लिए पुरस्कृत किया गया।