4 को भारत रत्न, घोषणा के बाद भी आडवाणी चूके!

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शनिवार को यहां पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव और चौधरी चरण सिंह, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर तथा महान कृषि वैज्ञानिक डॉक्टर एमएस स्वामीनाथन को देश के सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया। इन चारों हस्तियों को यह सम्मान मरणोंपरांत दिया गया है।

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता रहे लाल कृष्ण आडवाणी को भी भारत रत्न दिए जाने की घोषणा की गई थी, लेकिन उन्हें आज यह सम्मान नहीं दिया गया। इनमें से सिर्फ लाल कृष्ण आडवाणी ही जिंदा हैं, जिनकी सेहत ठीक नहीं है। इसके चलते राष्ट्रपति द्रौपदी मुुर्मू कल उन्हें घर पर जाकर सम्मानित करेंगी। राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में श्री नरसिम्हा राव के पुत्र श्री पीवी प्रभाकर राव, श्री चौधरी चरण सिंह के पौत्र श्री जयंत सिंह, श्री कर्पूरी ठाकुर के पुत्र श्री रामनाथ ठाकुर और डॉक्टर स्वामीनाथन की पुत्री सुश्री नित्या राव ने यह सम्मान लिया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, राज्य सभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खडग़े, कई केंद्रीय मंत्री तथा अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।