नारनौल की भाविप शाखा को सम्मान, भारत को जानो-आनंद रसोई में बेहतरीन प्रदर्शन करने पर मिले पुरस्कार

निजी संवाददाता—नारनौल

उल्लेखनीय सेवाओं और बेहतरीन कार्यों के लिए भारत विकास परिषद शाखा की स्थानीय को प्रांत स्तर पर पांच सम्मान प्राप्त हुए हैं। इस विषय में जानकारी देते हुए शाखा सचिव दिनेश शर्मा ने बताया कि रविवार फरीदाबाद में आयोजित प्रांतीय अधिवेशन में भारत विकास परिषद के क्षेत्रीय महासचिव राजकुमार अग्रवाल, पवन मालिक वाईएमसीए विश्वविद्यालय, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से दीपक ठकुराल, मुख्यातिथि जनसेवक अजय गौड़, प्रांतीय अध्यक्ष अनिल बंसल, महासचिव ऋषि अग्रवाल द्वारा शाखा नारनौल को सम्मानित किया। इस अधिवेशन में प्रांत भर से विभिन्न कार्यक्रमों के लिए श्रेष्ठ शाखाओं को सम्मानित किया गया। शाखा नारनौल को अध्यक्ष राजकुमार यादव के नेतृत्व में भारत को जानो प्रतियोगिता में सर्वाधिक विद्यार्थियों को शामिल करने पर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त फिजियो शिविर, आनंद रसोई, आनंद उत्सव में उल्लेखनीय कार्यों के लिए भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में बोलते हुए मुख्यातिथि ने कहा कि लगभग 30 वर्षों से नारनौल शाखा सेवा के नए आयाम स्थापित करती जा रही है। शाखा के कार्य सेवा के नए आयाम लिख रहे हैं। संजय शर्मा एवं डा. जितेंद्र भारद्वाज ने कहा कि हमें अपने आचरण में सदैव सेवा का भाव निहित रखना चाहिए, जिससे अन्य लोग भी प्रेरित होते हुए कामयाबी के मार्ग पर अग्रसर हो सकें। ऐसे सम्मान हमारे उत्साह को बढ़ाते हैं। भीमसेन शर्मा ने कहा कि परिषद के कार्यों को गति देने में नारनौल शाखा महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती है। नारनौल शाखा की तरफ से संजय शर्मा, शाखा सचिव दिनेश शर्मा, पूर्व अध्यक्ष डा. जितेंद्र भारद्वाज, पूर्व उपाध्यक्ष भीम सेन शर्मा ने सम्मान ग्रहण किया। शाखा की तरफ से दिनेश शर्मा सचिव ने सभी का आभार प्रकट किया।