पंजाब की बात करने वाले सांसदों को चुनें, सरकार-व्यापार मिलनी कार्यक्रम में सीएम की अपील

होशियारपुर में सरकार-व्यापार मिलनी कार्यक्रम में सीएम मान की लोगों से अपील

निजी संवाददाता—होशियारपुर

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आशा व्यक्त की है कि ‘सरकार-व्यापार मिलनियों’ में व्यापारियों और उद्योगपतियों की सक्रिय भागीदारी से यह मिलनियां राज्य की आर्थिक प्रगति को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में मील का पत्थर साबित होंगी। यहां सरकार-व्यापार मिलनी के दौरान संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सरकार-व्यापार मिलनी का उद्देश्य लोगों का कल्याण सुनिश्चित करना है। उन्होंने अफसोस जताया कि पिछली सरकारों ने लोगों के कल्याण के लिए ऐसे प्रोग्राम करने की कभी परवाह नहीं की। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इन नेताओं ने खुद को आलीशान महलों की दीवारों में कैद कर लिया और आम आदमी को उनके हाल पर छोड़ दिया। लोकसभा चुनाव नजदीक आने के साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को राज्य के लोगों से अपील की कि वह राज्य के हितों के साथ हो रहे धोखे के खिलाफ बोलने और काम करने वाले सांसदों को चुनें, ताकि चुप रहने वालों का चुनाव करें।

मुख्यमंत्री ने लोगों से वोट देने से पहले यह सोचने को कहा कि जब पंजाब के अधिकार छीने जा रहे थे, तो उनके सांसद कहां थे। उन्होंने लोगों से यह सोचने को कहा कि जब पंजाब का उद्योग नष्ट हो गया और राज्य के किसान काले कृषि कानूनों के खिलाफ संघर्ष कर रहे थे, तो यह सांसद चुप क्यों रहे। भगवंत सिंह मान ने कहा कि ये नेता पंजाब के लिए अहम समय पर चुप रहे, जिसके कारण वे लोगों की वोटों के हकदार नहीं हैं और उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया जाना चाहिए, ताकि केवल समर्पित और वचनबद्ध लोग ही संसद के लिए चुने जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य के खजाने का एक-एक पैसा लोगों के कल्याण के लिए खर्च कर रही है। भगवंत सिंह मान ने लोगों को सभी 13 लोकसभा सीटों पर आम आदमी पार्टी की जीत सुनिश्चित करने का न्योता दिया।