सेवाविस्तार पर निगम कर्मचारी निराश, संघ ने सीएम से दोबारा नौकरी न देने की उठाई मांग

समय पर वेतन, डीए-एरियर के भुगतान को लगाई गुहार

स्टाफ रिपोर्टर — शिमला

हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम से चार-पांच वर्षों से सेवानिवृत्ति पश्चात फिर से कुछ अधिकारियों को सेवा विस्तार देने का निगम कर्मचारी संघ ने विरोध किया है। निगम कर्मचारी संघ ने निगम प्रबंधन को चेतावनी दी है कि यदि इस तरह निगम में सेवाविस्तार पर रोक नहीं लगती है, तो प्रदेश स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम कर्मचारी संघ के महासचिव राज कुमार शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम अपने कर्मचारियों को सही समय पर वेतन देने में असमर्थ है। उन्होंने कहा कि ग्रेच्युटी व लिव-एनकैशमेंट के लिए सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें अपनी देनदारियों के लिए उच्च न्यायालय का सहारा लेना पड़ रहा है।

निगम में कार्यरत कर्मियों का गत 2016 से लेकर डीए, आईआर आदि देय एरियर का भुगतान अभी भी शेष रह गया है। उन्होंने कहा कि एक और प्रदेश सरकार शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश में बेरोजगार नौजवान अच्छे संस्थानों से होटल व्यवसाय से जुडे हुए विभिन्न अति आधुनिक कोर्स करने के पश्चात नौकरी की तलाश में दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। ऐसे सेवाविस्तार की जगह इन बेरोजगार युवाओं को निगम में लाया जाए। संघ ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि निगम की वित्तीय स्थिति को मद्देनजर रखते हुए इस प्रथा को तुरंत प्रभाव से बंद किया जाए।