हमारा छोड़, अपना कुनबा संभाले भाजपा, Deputy CM बोले, और मजबूत होगी कांग्रेस सरकार

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — ऊना

जो होना था, हो गया। भाजपा ने जो तीर चलाना था, चल गया। यह वन टाइम होता है, हो गया। अब परिंदा भी सरकार को पर नहीं मार सकता है। कांग्रेस के सभी विधायक एकजुट हैं। उपचुनाव के बाद कांग्रेस के विधायकों की संख्या और बढ़ेगी। चार जून के बाद प्रदेश में कांग्रेस की सरकार स्थिर, स्थायी व सशक्त होगी। सरकार पूरे पांच साल चलेगी। यह बात प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कही। मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि भाजपा ने जो करना था, कर लिया। उन्होंने कहा कि अब तो स्थिति यह है कि भाजपा में बगावत हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा को तो अपना कुनबा संभालना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो तीर चलाना था चल गया, अब खाली फायर होंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी विधायक एकजुट हैं। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हम सतर्क हैं, सजग हैं। कांग्रेस पार्टी हर साजिश, हर षड्यंत्र का मुकाबला करेगी।

उन्होंने कहा कि सत्ता के लालच में भाजपा कहां तक चली गई है। सब जानते हैं कि यह क्या खेल हुआ है? उन्होंने कहा कि खेला तो चार जून के बाद भाजपा के साथ होगा। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी सोच-विचार कार्यकर्ताओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए और जीत की संभावना को देखते हुए प्रत्याशियों का ऐलान करेगी। उन्होंने कहा कि लोकसभा व उपचुनाव के लिए मजबूत प्रत्याशी मैदान में उतारे जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा को 10 विधायक चाहिए, हमें तो एक चाहिए। चुनाव हम ही जीतेंगे।

चुनाव में कांग्रेस जीतेगी

डिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा ने फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत को टिकट दिया है, वह पार्टी का मामला है। अभी उन्हें फील्ड में उतरना है, वैचारिक लड़ाई है और कांग्रेस पार्टी मजबूती के साथ अपने विचारों के साथ आगे बढ़ेगी और जीत दर्ज करेगी। उनकी व्यक्तिगत राय है कि प्रतिभा सिंह को चुनाव लडऩा चाहिए।