खड़ामुख-होली सडक़ पर दरक गया पहाड़

दुंदा पुल के पास फिर भू-स्खलन होने से आठ घंटे ठप रही आवाजाही

कार्यालय संवाददाता-भरमौर
खड़ामुख-होली मार्ग वाहन चालकों व यात्रियों के लिए जी का जंजाल बन गया है। शुक्रवार सुबह से लेकर शाम तक एक मर्तबा फिर इस मार्ग पर करीब आठ घंटे वाहनों की आवाजाही ठप रही। इसके चलते यात्रियों समेत वाहन भी घंटों इस मार्ग पर फंसे रहे। दुंदा पुल के पास दोबारा शुक्रवार सुबह भू-स्खलन होने के कारण यह स्थिति पैदा हुई। साथ ही भविष्य में भी यहां पर भू-स्खलन होने का खतरा बना हुआ है। शुक्रवार सुबह नौ से साढ़े नौ बजे के बीच हल्की बारिश के बीच खड़ामुख-होली मार्ग पर दुंदा पुल के पास फिर से भू-स्खलन हो गया और देखते ही देखते भारी भरकम चट्टानों तथा मलबे के नीचे सडक़ दफन हो गई। नतीजतन सडक़ पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप पड़ गई। खड़ामुख-होली मार्ग मार्ग के बंद होने के चलते शुक्रवार को हलके वाहनों के लिए चंबा, भरमौर या फिर होली की तरफ आने के लिए सियूंर मार्ग विकल्प बना।बता दें कि गतरोज भी यह मार्ग करीब तेरह घंटों तक भू-स्खलन के कारण बंद रहा था और यहां पर सैकड़ों वाहन व बसें भी फंसी रही थी।

गरुवार रात के उपमंडल भरमौर के विभिन्न हिस्सों में बारिश हुई। सुबह के वक्त भी क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह नौ से साढ़े नौ बजे के बीच खड़ामुख के दुंदा पुल के पास फिर से भू-स्खलन का क्रम आरंभ हो गया। इसके चलते भारी भरकम चट्टानें और मलबा सडक़ पर आ गिरा। मार्ग बंद होने की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग भी मौके पर पहुंच गया, लेकिन हैवी मशीनरी न होने के चलते लोक निर्माण विभाग यहां पर सडक़ बहाल करने में असमर्थ दिखा। इसके बाद यहां पर कंप्रैशर मशीन मौके पर लाई गई और ब्लॉस्टिंग कर चट्टानों को तोड़ा गया। निर्माणाधीन कुठेड़ हाईड्रो प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य कर रही कंपनी जेएसडब्लयू ने मशीनरी को मौके पर लगा सडक़ को शाम साढ़े चार बजे के आसपास यातायात के लिए बहाल किया।

सियूंर मार्ग से होकर चंबा निकले हलके वाहन

खड़ामुख-होली मार्ग मार्ग के बंद होने के चलते शुक्रवार को हलके वाहनों के लिए चंबा, भरमौर या फिर होली की तरफ आने के लिए सियूंर मार्ग विकल्प बना। हालांकि इस मार्ग पर हलके वाहन ही अभी तक चल पाते है। चंूकि रावी नदी पर बना पुल लकड़ी का है और इससे भारी वाहनों को नहीं ले जाया जा सकता है। नतीजतन कार व अन्य हलके वाहनों की शुक्रवार को सियंूर रोड से ही आवाजाही होती रही।