चट्टानों-मलबे में दफन हुई सडक़, खड़ामुख-होली सडक़ पर नहीं थम रहा भू-स्खलन का दौर

 पिछले एक सप्ताह में तीसरी बार दरका पहाड़

कार्यालय संवाददाता-भरमौर
खड़ामुख-होली मार्ग पर दुंदा पुल के पास शनिवार देर शाम एक बार फिर से पहाड़ के दरकने से करीब तेरह घंटे वाहनों की आवाजाही ठप रही। इसके चलते यात्रियों समेत वाहन भी घंटों बीच राह में फंसे रहे। दुंदा पुल के पास दोबारा शुक्रवार सुबह भू-स्खलन होने के कारण यह स्थिति पैदा हुई। साथ ही भविष्य में भी यहां पर भू-स्खलन होने का खतरा बना हुआ है। शनिवार शाम को खड़ामुख-होली मार्ग पर दुंदा पुल के पास फिर से भू-स्खलन हो गया और देखते ही देखते भारी भरकम चट्टानों तथा मलबे के नीचे सडक़ दफन हो गई।

होली मार्ग पर यातायात बहाली का काम रविवार सवेरे आरंभ हो पाया। लोक निर्माण विभाग की टीम ने जेसीबी मशीनों के सहयोग से मार्ग पर गिरे मलबे व पत्थरों को हटाकर वाहनों की आवाजाही को सामान्य बनाया रहा। रविवार को यातायात बहाली कार्य के चलते होली मार्ग पर बीच-बीच में ट्रैफिक बाधित होता रहा। उल्लेखनीय है कि पिछले एक सप्ताह के भीतर तीसरी बार दुंदा पुल के पास भू-स्खलन हुआ है। इस जगह पर लगातार भू-स्खलन होने से मार्ग काफी संकरा होकर रह गया है। इसके साथ ही आए दिन मार्ग के बंद होने से होली घाटी के लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का अलग से सामना करना पड़ रहा है।