गगरेट में थमता दिख रहा तूफान, कुटलैहड़ में कार्यकर्ता नहीं शांत

उपचुनाव में कांग्रेस के बागी नेताओं को टिकट देने से बढ़ी भाजपा की मुश्किलें, नेता-कार्यकर्ता नाराज

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — ऊना

कांग्रेस के बागी विधायकों को विधानसभा उपचुनावों में भाजपा टिकट दिए जाने से उत्पन्न रोष के स्वर ऊना जिला में भी थमते नजर नहीं आ रहे हैं। गगरेट से भाजपा प्रत्याशी घोषित किए चैतन्य शर्मा को कांग्रेस के आक्रोश का सामना करना पड़ा। वहीं, कुटलैहड़ में भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र भुट्टो के लिए पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर व उनके समर्थक भाजपा मंडल कार्यकर्ताओं की नाराजगी परेशानी का सबब बनी हुई है। गगरेट विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी घोषित कांग्रेस के बागी चैतन्य शर्मा गुरुवार को टिकट मिलने के बाद पहली दफा अपने विधानसभा क्षेत्र के तहत भंजाल में अभिनंदन समारोह में पहुंचे। चैतन्य शर्मा के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन पर काले झंडे दिखा कर प्रदर्शन की योजना बनाई थी, लेकिन इसकी भनक पहले ही लगने के कारण चैतन्य शर्मा अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन के स्थान पर नंगल रेलवे स्टेशन पर ही उतर गए तथा सडक़ मार्ग से भंजाल पहं़चे।

दूसरी तरफ अंब अदौरा रेलवे स्टेशन पर कांग्रेस के जिला प्रधान रंजीत राणा के नेतृत्व में ब्लॉक कांग्रेस गगरेट के कार्यकर्ताओं ने काले झंडे फहरा कर चैतन्य शर्मा का विरोध किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चैतन्य शर्मा का पूतला भी फूंका। दूसरी तरफ गगरेट से 2022 में भाजपा टिकट पर लड़ चुके पूर्व विधायक राजेश ठाकुर ने चैतन्य शर्मा का समर्थन करने का ऐलान कर दिया तथा भंजाल रैली में उपस्थिति भी दर्ज करवाई।

देवेंद्र भुट्टो के कार्यक्रम से फिर दूर रहे वीरेंद्र कंवर

कुटलैहड़ में अभी भी भाजपा में सब कुछ ठीक नही हो पाया है। यहां से कांग्रेस बागी देवेंद्र भुट्टो को विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी बनाए जाने से रूष्ट पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर अभी भी नाराज चल रहे हैं। उनके साथ ही कुटलैहड़ भाजपा मंडल ने भी हाईकमान के निर्णय से असहमति जताते हुए गुरुवार को भुट्टो के दूसरे सार्वजनिक कार्यक्रम का बहिष्कार किया। देवेंद्र भुट्टो ने ऊना जिला भाजपा कार्यालय में कुटलैहड़ के निचले क्षेत्र के कार्यकताओं की बैठक मंडल भाजपा के बैनर तले आयोजित की थी। इसमें ऊना सदर विस क्षेत्र से विधायक सतपाल सिंह सत्ती विशेष रूप से उपस्थित रहे, लेकिन बैठक से कुटलैहड़ से पांच बार भाजपा टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ चुके पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर ने दूरी बनाए रखी, वहीं कुटलैहड़ भाजपा मंडल के अध्यक्ष चरणजीत शर्मा, महामंत्री मास्टर रमेश सहित विभिन्न मोर्चो व प्रकोष्ठों के पदाधिकारी बैठक से नदारद रहे। भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कुटलैहड़ के कार्यकर्ताओं को जरूर पार्टी प्रत्याशी की जीत को सुनिश्चित बनाने का आह्वान किया।