जन्मदिन पर एक-एक पेड़ जरूर लगाएं छात्र

जय कृष्ण गिरि स्कूल भरमौर में विश्व वानिकी दिवस पर जागरूक किए छात्र, बच्चों ने जागरूकता रैली से दिया पेड़ लगाने का संदेश

नगर संवाददाता-भरमौर
श्री जय कृष्ण गिरि स्कूल भरमौर में विश्व वानिकी दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पृथ्वी के अस्तित्व के लिए और हमारे अस्तित्व के लिए पेड़ों का क्या महत्त्व है, के बारे में विचार रखें। इसके साथ ही बच्चों ने जागरूकता रैली भी निकाली। स्कूल के मुख्याध्यापक राजीव शर्मा ने विश्व वानिकी दिवस पर बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रतिवर्ष 21 मार्च को पेड़ों के महत्त्व के विषय में जन-जागरूकता फैलाने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्व वानिकी दिवस मनाया जाता है। जंगलों के बचाए रखने के लिए वर्ष 1971 में यूरोपीय कृषि संगठन ने 21 मार्च को प्रतिवर्ष विश्व वानिकी दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया गया था। विश्व वानिकी दिवस 2024 का विषय वन और नवाचार बेहतर दुनिया के लिए नए समाधान है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय वन दिवस की इस थीम का यह भी अर्थ है कि पृथ्वी पर संभव सारा जीवन किसी न किसी तरह वनों के अस्तित्व से संबंधित है।

आज मनुष्य अपने प्रयोग के लिए अंधाधुन वनों की कटाई करता जा रहा है जिससे आने वाले समय में धरती पर जन जीवन निसंदेह प्रभावित होगा। हम सभी मनुष्यों को इस बात को समझना चाहिए कि पेड़ पौधों का हमारे जीवन में कितना महत्त्व है और पारिस्थितिक तंत्र के लिए पेड़-पौधों का होना कितना जरूरी है । और सभी बच्चों को उनके जन्मदिन पर एक-एक पेड़ लगाने का आह्वान किया गया। इस मौके पर स्कूल के अध्यापक सुंदर सिंह, सुरेंद्र कुमार, तेज सिंह, कार्तिक सिंह, मनोज कुमार, आयुष कुमार, कृष्णा कुमारी, काजल शर्मा, उमा देवी, रोमा कुमारी, पूजा कुमारी, बीना कुमारी व तनुजा ठाकुर भी मौजूद रहे।