भविष्य देखना चाहते हैं, तो भारत आइए

एजेंसियां — वाशिंगटन

सीएए और अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद भारत को लोकतंत्र का ज्ञान देने वाले अमरीका के राजदूत एरिक गार्सेटी के सुर अब बदलते हुए दिख रहे हैं। अमरीकी राजदूत ने कहा कि भारत दुनिया के भविष्य को आकार देने में अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर कोई भविष्य देखना चाहता है, तो उसे भारत आना चाहिए। गार्सेटी ने यह भी कहा कि अगर आप भविष्य को महसूस करना चाहते हैं या भविष्य पर काम करना चाहते हैं, तो आपको भारत आना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह मेरे लिए फख्र की बात है कि अमरीकी राजदूत के रूप में वह हर दिन ऐसा कर रहे हैं। एरिक गार्सेटी ने भारत और अमरीका के बीच भागीदारी को अहम मानते हुए कहा कि उनका देश हिंदुस्तान के साथ भागीदारी को अहमियत देता है। उन्होंने कहा कि हम यहां पर सिखाने या ज्ञान देने नहीं आए हैं। हम यहां पर सुनने और सीखने आए हैं। गार्सेटी ने विचारों के आपसी आदान प्रदान और दोनों देशों के बीच पहल को रेखाकिंत किया। उन्होंने खुलासा किया कि अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के मन में भी भारत के लिए बहुत सम्मान है। राष्ट्रपति बाइडेन ने खुद निजी रूप से मुझे यह कहा है।

इस बीच अमरीका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने भी कहा है कि प्रौद्योगिकी एवं अन्य क्षेत्रों में सहयोग से भारत और अमरीका के बीच साझेदारी नई ऊंचाई पर पहुंच गई है। सुलिवन ने अपने ताजा बयान में कहा कि ब्रिक्स में शामिल देश भारत और अमरीका के बीच साझेदारी प्रौद्योगिकी, सुरक्षा और कई अन्य क्षेत्रों में सहयोग के कारण नई ऊंचाइयों पर पहुंच गई है। ब्रिक्स दुनिया की तेजी से उभरती अर्थव्यवस्थाओं का एक समूह है। ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात इसके सदस्य हैं।