ज्योतिरादित्य सिंधिया के पास अपनी कोई ज्वेलरी नहीं

एजेंसियां — जयपुर

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को को शिवपुरी में नामांकन दाखिल किया। उनके साथ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा मौजूद थे। नामांकन दाखिल करने के बाद केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने रोड-शो भी किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी को इस लोकसभा चुनाव में प्रचंड जीत मिलेगी। नामांकन दाखिल करते वक्त केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शपथ-पत्र भी जमा किया। इस शपथ-पत्र के मुताबिक, साल 2022-23 में उन्हें 56 लाख 58 हजार 940 रुपए की आय हुई है। उनकी पत्नी प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया की 2022-23 में आय 4 लाख 79 हजार 643 रुपए रही। सिंधिया के पास 4 करोड़ 64 लाख, 50 हजार 79 रुपए की संपत्ति है, जबकि पत्नी के पास 14 लाख 18 हजार 131 रुपए की संपत्ति है।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के ऊपर 47 लाख 50 हजार रुपए की देनदारी है, जबकि पत्नी प्रियदर्शिनी के ऊपर 74 हजार रुपए की देनदारी है। उनके पास पुश्तैनी जमीन है। इसकी कीमत 326 करोड़ रुपए से ऊपर है। उनके नाम पर 35 करोड़ रुपए से ज्यादा की जमीन है। केंद्रीय मंत्री सिंधिया और उनकी पत्नी प्रियदर्शिनी के पास अपनी कोई ज्वेलरी नहीं है। उनके पास पुश्तैनी ज्वेलरी है। इसकी कीमत 22 करोड़ 66 लाख 40 हजार 705 रुपए है।

केंद्रीय मंत्री के पास 25 हजार रुपए कैश इन हैंड

सिंधिया के पास 25 हजार रुपए कैश इन हैंड है, जबकि पत्नी के पास 20 हजार रुपए कैश इन हैंड है। उनका बैंकों में टोटल डिपोजिट दो करोड़ 55 लाख 65 हजार 411 रुपए है, जबकि पत्नी के पास 12 लाख 63 हजार 411 के डिपोजिट हैं।