लुधियाना से अशोक पराशर मैदान में

आम आदमी पार्टी ने विधायक पर लगाया दांव

निजी संवाददाता—लुधियाना

बीजेपी के बाद आम आदमी पार्टी ने भी चुनावी दंगल में अपना उम्मीदवार उतार दिया है। लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने लुधियाना से विधायक अशोक पराशर पप्पी पर दांव लगाया है। बता दें कि कांग्रेस से राजनीतिक मैदान में अपना सियासी सफर शुरू करने वाले अशोक परासर पप्पी ने जब आम आदमी पार्टी का झाड़ू थामा, तो 2022 में वह लुधियाना विधानसभा क्षेत्र सेंट्रल से विधायक चुने गए। वहीं इससे पहले 2012 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस पार्टी के टिकट से दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था, जहां उन्हें जत्थेदार बलविंदर सिंह बैंस से हार का सामना करना पड़ा था।

2022 में विधायक चुने जाने के बाद अब एक बार फिर आम आदमी पार्टी ने अशोक पराशर पप्पी पर भरोसा जताते हुए उन्हें लुधियाना लोकसभा चुनाव के दंगल में उतारा है। टिकट की घोषणा होते ही वह सबसे पहले घर के बाहर भगवान महावीर के मंदिर पहुंचे और माथा टेका, इसके बाद वह अपने साथियों के साथ गुरुद्वारा भगत चेत राम जी के नसमस्तक हुए।

विधायक को ग्रामीण हलकों में करनी पड़ेगी मेहनत

लुधियाना लोकसभा में नौ विधानसभा क्षेत्र हैं, इनमें से छह विधानसभा क्षेत्र शहरी क्षेत्र में आते हैं, जबकि तीन निर्वाचन क्षेत्र ग्रामीण क्षेत्रों में हैं। विधायक पाराशर को शहरी क्षेत्र की बजाय ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों में काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। शहरी इलाकों में अधिक विधानसभा क्षेत्र होने के कारण पार्टी ने हिंदुओं के चेहरे पर दांव खेला है। बताया जा रहा है कि आम आदमी पार्टी के कुछ नेता इस फैसले से नाराज हैं। बता दें कि लुधियाना की छह शहरी विधानसभा सीटों पर आप विधायकों का कब्जा है।