ओलंपिक विजेता साक्षी मलिक 100 प्रभावशाली लोगों की सूची में

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली

ओलंपिक पदक विजेता भारतीय पहलवान साक्षी मलिक को टाइम मैगजीन ने 2024 के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की सूची में शामिल किया है। कुश्ती में प्रभावशाली करियर बनाने वाली भारतीय महिला पहलवान साक्षी मलिक का जन्म हरियाणा के रोहतक जिले के मोखरा गांव में 3 सितंबर, 1992 को हुआ था। उनके दादा सुबीर मलिक पहलवान थे, जिनसे प्रेरित होकर साक्षी ने बचपन से ही कुश्ती में करियर बनाने की ठान ली। सूची में अन्य भारतीयों में अभिनेत्री आलिया भट्ट, इंडो-ब्रिटिश अभिनेता देव पटेल और माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला भी शामिल हैं।

हालांकि, साक्षी अब कुश्ती से संन्यास ले चुकी हैं। वह भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के करीबी संजय सिंह के भारतीय कुश्ती संघ का अध्यक्ष बनने से नाखुश थीं। 21 दिसंबर, 2023 को मलिक ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर कुश्ती से त्यागपत्र देने का ऐलान किया था।