कांगड़ा से आनंद शर्मा, हमीरपुर से रायजादा को टिकट

कांगड़ा से आनंद, हमीरपुर से रायजादा

कांग्रेस उम्मीदवारों को लेकर इंतजार खत्म, दिल्ली से दोनों नेताओं के नामों का ऐलान

विशेष संवाददाता — शिमला

हिमाचल में कांग्रेस उम्मीदवारों को लेकर चल रहा इंतजार खत्म हो गया है। लंबी चर्चा के बाद आए फैसले में कांग्रेस ने कांगड़ा से पूर्व सांसद आनंद शर्मा को मैदान में उतारा है, जबकि हमीरपुर से सतपाल रायजादा पर भरोसा जताया है। दोनों टिकटों पर कांग्रेस हाईकमान ने दिल्ली में मुहर लगा दी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े की अनुमति के बाद राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने आदेश जारी किए हैं। कांगड़ा में इससे पहले पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली, डाक्टर राजेश शर्मा और पूर्व मंत्री आशा कुमारी का नाम चर्चा में था। यहां भाजपा की काट करने और पार्टी के भीतर के घमासान को रोकने में आनंद शर्मा पर फैसला कारगर साबित हो सकता है।

आनंद शर्मा इससे पहले प्रदेश की राज्यसभा सीट से सांसद रह चुके हैं। दूसरी ओर हमीरपुर में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और उनकी बेटी आस्था के चुनाव लडऩे से इनकार करने के बाद इस सीट पर सतपाल रायजादा के चुनाव लडऩे का रास्ता साफ हो गया था। फिलहाल, अब कांग्रेस ने चारों सीटों पर उम्मीदवारों का फैसला कर दिया है। इससे पहले मंडी संसदीय सीट से विक्रमादित्य सिंह और शिमला से विनोद सुल्तानपुरी को टिकट दी थी।

कांगड़ा से पहली बार पारी का आगाज़

आनंद शर्मा का बचपन शिमला में गुजरा है और वे गांधी परिवार के भी काफी नजदीकी हैं। हालांकि इस बार कांग्रेस ने उनकी जगह अभिषेक मनु सिंघवी को राज्यसभा की टिकट दी थी, लेकिन वे चुनाव नहीं जीत पाए। आनंद शर्मा कांगड़ा से पहली बार अपनी पारी का आगाज कर रहे हैं।