निमंत्रण भेजा, फिर भी नहीं आए आयोध्या

एटा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घेरे राहुल-सोनिया गांधी-मल्लिकार्जुन खडग़े

एजेंसियां—एटा

उत्तर प्रदेश की एटा लोकसभा सीट पर चुनावी प्रचार मैदान में उतरे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्षी गठबंधन पर जोरदार हमला बोला। उनके निशाने पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व रहा। केंद्रीय गृह मंत्री ने सवाल किया, राम मंदिर के लिए सरकारें कुर्बान करने वाली या फिर कारसेवकों पर गोली चलाने वाली, आप किस पार्टी को वोट देंगे। उन्होंने कहा कि यह निर्णय आपका है। आप तय करें, आपका वोट किस तरफ जाएगा। उन्होंने विकास कार्यों को गिनाते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था का भी जिक्र किया। मोदी सरकार के कार्यकाल में देश और प्रदेश में हुई उन्नति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आज हर गांव में बिजली, हर घर में उज्जवला गैस कनेक्शन है। गरीबों को पांच किलो अनाज का लाभ दिया जा रहा है। यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी नीति का ही परिणाम है। राम मंदिर का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो चुका है। 500 वर्षों के बाद रामलाल अपने दिव्या दरबार से भक्तों को दर्शन दे रहे हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एटा की जनसभा में कहा कि मैं अखिलेश यादव से पूछना चाहता हूं कि आपको रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा का निमंत्रण मिला था या नहीं। राहुल बाबा को भी पूछना चाहता हूं, सोनिया गांधी को भी मिला, मल्लिकार्जुन खडग़े को भी मिला, डिंपल यादव को भी मिला, लेकिन कोई अयोध्या नहीं गया। राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा में जो लोग नहीं गए हैं, उन्हें मालूम है कि वह वो लोग हैं, जिन्होंने कारसेवकों पर गोली चलाई थी। कारसेवकों पर गोली चलाने वाली पार्टी समाजवादी पार्टी को वोट देना है या राम मंदिर बनाने के लिए अपनी सरकारें कुर्बान करने वाली पार्टी भाजपा को वोट देना है, ये निर्णय आपका है।